नहीं थमे पहिये तो सड़कों पर उतरे ट्रांसपोर्टर्स
आगरा: 20 जुलाई सुबह छह बजे से चल रही ट्रांसपोर्टर्स की हड़ताल शनिवार को भी प्रभावी नजर नहीं आई। सड़कों पर ट्रकों की संख्या में मामूली कमी ही दर्ज की गई।
जागरण संवाददाता, आगरा: 20 जुलाई सुबह छह बजे से चल रही ट्रांसपोर्टर्स की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। दूसरे दिन भी सड़कों पर ट्रक दौड़ते नजर आए तो हड़ताली ट्रांसपोर्टर्स सड़कों पर आ गए। उन्होंने गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास ट्रकों को रोक उनके ई-वे बिल चेक किए। इनमें अधिकतर 19 जुलाई के थे। ऐसे में ट्रक चालकों को नसीहत देकर छोड़ दिया।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की अपील पर देशभर में ट्रांसपोर्टर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रही है। दो महीने पहले से हड़ताल की तैयारियां चल रहीं थीं। जिलास्तर पर संघर्ष समिति का गठन किया गया था। जिले की अधिकांश एसोसिएशन को इसमें शामिल किया गया था। आगरा में नौ एसोसिएशन ने मिलकर समिति बनाई है। इसके बाद भी ट्रकों का संचालन नहीं थमा। इससे ट्रांसपोर्टर्स परेशान हैं। दिल्ली, हरियाणा की ओर से आने वाले ट्रकों को रोकने के लिए वरिष्ठ नेताओं से सिफारिश की जा रही है। वहीं हाईवे पर दौड़ लगा रहे ट्रकों को रोकने के लिए शनिवार को संघर्ष समिति के सदस्य खुद ही सड़कों पर निकल पड़े। उन्होंने गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास हाईवे से गुजर रहे ट्रकों को रोक कर उनके कागजों की जांच की। ई-वे बिल में अधिकतर ट्रक 19 जुलाई को निकले हुए थे। ऐसे में किसी को रोका नहीं गया। हिदायत दी कि गंतव्य तक पहुंचने के बाद वापस न चलें। जीवनी मंडी, शाहदरा में बंद कराई बुकिंग
जीवनी मंडी, शाहदरा क्षेत्र में शनिवार को आगरा परिवहन संघर्ष समिति के सहसंयोजक दीपक शर्मा ट्रांसपोर्टर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने बुकिंग कर रहे ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से हड़ताल में सम्मलित होने का आग्रह किया। इस दौरान कई ट्रांसपोर्टर्स ने सहमति भी दी। सहसंयोजक ने बताया कि 50 फीसद हड़ताल सफल हो गई है। अगले दो दिन में माल लेकर निकले ट्रकों के पहिये भी थम जाएंगे, तो हड़ताल का पूरा असर दिखने लगेगा।