विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मौत से पहले का आखिरी वीडियो, आगरा के यूट्यूबर्स का जयपुर हादसे में दुखद अंत

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 23 Oct 2026 10:32 PM (IST)

जयपुर के रायसर में हुए सड़क हादसे में आगरा के चार यूट्यूबरों की मौत हो गई। ये सभी खाटू श्याम ...और पढ़ें

जयपुर हादसे में मृतक अतुल वाष्र्णेय, मुकुल, रूपेश और शिवा सिंह के फाइल फोटो।

जयपुर हादसे में मृतक अतुल वाष्र्णेय, मुकुल, रूपेश और शिवा सिंह के फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, आगरा। जयपुर के रायसर में हुए हादसे में जान गंवाने वाले अतुल वार्ष्णेय और उनके यूट्यूबर मित्रों ने छह घंटे पहले ही अपने चैनल पर खाटू श्याम में एकादशी का लाइव प्रसारण किया था। दर्शन के बाद खाटू श्याम से रवाना होने से पहले उन्होंने गुरुवार की रात स्वजन से फोन पर बात करके शुक्रवार सुबह दस बजे तक घर पहुंचने की कहा था। चारों यूट्यूबरों के मित्र उनके घर आने की प्रतीक्षा कर रहे थे।

शुक्रवार सुबह सात बजे परिवारों को हादसे में उनकी मौत की खबर मिली तो होश उड़ गए। स्वजन रायसर के लिए रवाना हो गए। हादसे में मरने वालों में अतुल वार्ष्णेय निवासी कटरा वजीर खां रामबाग, मुकुल जायसवाल, रूपेश जाटव एवं शिवा सिंह निवासी कालिंदी विहार थे। हादसे में नुनिहाई निवासी राहुल शर्मा और बल्केश्वर निवासी अर्पित बंसल घायल हुए हैं। अतुल के भाई रोहित ने बताया कि सभी लोगों का फोटो स्टूडियाे है।

उन्होंने वेडिंग हाईलाइट स्टूडियाे के नाम से यूट्यूब चैनल बना रखा है। जिस पर वह धार्मिक आयोजनों का लाइव प्रसारण करते थे। अतुल समेत सभी यूट्यूबर साथियों ने इस बार एकादशी पर खाटू श्याम का लाइव प्रसारण करने की योजना बनाई थी। अतुल अपने भाई आकाश की कार से 21 नवंबर की शाम आठ बजे खाटू श्याम के लिए निकले थे। गुरुवार की रात एक बजे उन्होंने अपने चैनल पर एकादशी का लाइव प्रसारण किया था।

अतुल के परिवार में पत्नी सिम्मी के अलावा तीन बच्चे रूद्रांशी, ख्याति और तृषा हैं। अतुल की खाटू श्याम से रवाना होने से पहले परिवार के लोगों से बात हुई थी। उन्होंने शुक्रवार सुबह दस बजे तक घर आने की कहा था। सुबह सात बजे जयपुर पुलिस द्वारा हादसे की सूचना देने पर परिवार के लोग दोपहर में ही रायसर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद चारों के शवों को रात आठ बजे लेकर निकल लिए थे। घायल राहुल और अर्पित को भी स्वजन आगरा लेकर आ रहे हैं।

पिता के आने की प्रतीक्षा करते रह गए बच्चे

अतुल ने तीनों बेटियों से जल्द ही घर लौटने का वादा किया था। शुक्रवार को तीनों बेटियां रूद्रांशी, ख्याति और तृषा पिता के आने की प्रतीक्षा करती रहीं। परिवार के लोग उन्हें दिलासा देते रहे। परिवार के लोगों ने माता-पिता काे भी अतुल की मौत की जानकारी नहीं दी थी।

उन्हें यही बताया कि अतुल हादसे में घायल हो गए हैं। माता-पिता लगातार अतुल की हालत के बारे में पूछते रहे। शिवा सिंह,रूपेश और मुकुल जायसवाल के माता-पिता को भी हादसे में उनकी मौत की जानकारी तत्काल नहीं दी।