बहन की आंखों का कराना है इलाज, X पर अपील से आगरा के जालसाज ने बटोरे लाखों रुपये
आगरा के बाह निवासी जय सिंह राठौड़ ने बहन की आंखों की सर्जरी के नाम पर इंटरनेट पर भावुक अपील ...और पढ़ें

आगरा पुलिस की गिरफ्त में जालसाज जय सिंह राठौर उर्फ अजयवीर सिंह।
संवाद सूत्र, बाह (आगरा)। 12 वर्ष की बहन की आंखों की सर्जरी के नाम पर इंटरनेट पर भावुक अपील कर आर्थिक मदद जुटाने वाले बाह निवासी जय सिंह राठौड़ उर्फ अजयवीर सिंह पर दिल्ली के श्राफ आई सेंटर के नाम से कथित फर्जी चिकित्सा प्रपत्रों का प्रयोग कर लोगों से धनराशि लेने का आरोप है।
मामले में इन्फ्लुएंसर ने बाह थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रकाबगंज के ईदगाह निवासी इन्फ्लुएंसर मदन मोहन सोनी ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित जय सिंह राठौर द्वारा एक्स अकाउंट से की गई अपील में बहन को ग्लूकोमा और विट्रियस हेमरेज से पीड़ित बताते हुए दृष्टि जाने का खतरा बताया गया था।
भावुक अपील देख लोगों ने किया सहयोग
दिल्ली में इलाज और आंख की सर्जरी के लिए धन की कमी का हवाला देकर लोगों से आर्थिक सहयोग मांगा गया। भावुक अपील के बाद कई लोगों ने मदद की। एक रिपोर्ट के अनुसार करीब ढाई लाख रुपये जुटाए जाने का दावा सामने आया। बाद में भुगतान संबंधी जानकारी हटाकर पर्याप्त राशि मिलने की बात कही गई।
ऐसे खुली करतूत
इन्फ्लुएंसर मदन मोहन सोनी ने बताया कि शक होने पर श्राफ आई सेंटर से संपर्क किया। अस्पताल ने संबंधित मरीज के वहां पंजीकृत होने से इंकार करते हुए अपने नाम और लेटरहेड पर रोगी अभिलेख, चिकित्सकीय पर्चे, परामर्श और अनुमानित खर्च से जुड़े कथित फर्जी प्रपत्र जारी किए जाने की चेतावनी दी।
जिसके बाद उन्होंने अपील करने वाले जय सिंह राठौर से फर्जी तरीके से जुटाई रकम संबंधित लोगों को लौटाने की कहा गया। आरोपित तरह-तरह के बहाने बनाने लगा। इंस्पेक्टर बाह डीपी तिवारी ने बताया मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है।
