विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुना में दिखेंगी भरपूर मछलियां, आगरा में छोड़ी गईं इंडियन मेजर कार्प की 50 हजार अंगुलिकाएं

By Vidhyaram Narwar Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 28 Oct 2026 02:32 PM (IST)

आगरा में यमुना नदी में जलीय जैव विविधता और मत्स्य संसाधनों के संरक्षण हेतु रिवर रैंचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। ...और पढ़ें

पोइया घाट पर नदी में मत्स्य अंगुलिकाएं छोड़ते केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

पोइया घाट पर नदी में मत्स्य अंगुलिकाएं छोड़ते केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

जागरण संवाददाता, आगरा। यमुना नदी में मत्स्य संसाधनों के संरक्षण और जलीय जैव विविधता को समृद्ध करने के लिए मंगलवार को दयालबाग स्थित पोइया घाट पर रिवर रैंचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज प्रो. एसपी सिंह बघेल ने भारतीय मेजर कार्प प्रजाति की 50 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं को यमुना नदी में प्रवाहित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नदियों को स्वच्छ, निर्मल और जीवंत बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रिवर रैंचिंग नदियों में मत्स्य संपदा बढ़ाने और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इस पहल से स्थानीय मछुआरों की आजीविका को मजबूत करने में भी मदद मिल सकती है। यमुना केवल नदी नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और जनजीवन का अभिन्न हिस्सा है। इसे प्रदूषणमुक्त बनाना और इसके प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि यमुना को स्वच्छ रखने और जलीय जीवों के संरक्षण के लिए मिलकर प्रयास करें, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, समृद्ध और जीवंत नदी विरासत में मिल सके।