आगरा: दोस्ती के बाद युवती को किया ब्लैकमेल, मंगेतर को तस्वीरें भेज तुड़वाई सगाई
आगरा में एक युवती को फिरोजाबाद के युवक ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ब्लैकमेल किया। उसने वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग ...और पढ़ें
-1790430244859_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। एमएम गेट थाना क्षेत्र की युवती की मां ने पुलिस में शिकायत की है कि फिरोजाबाद निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर वीडियो काॅल की रिकार्डिंग की, फिर ब्लैकमेल कर निजी फोटो मंगवाए और वीडियो काॅल पर बात करने का दबाव बनाया।
युवती की सगाई की खबर मिलते ही उसने मंगेतर के व्हाट्सएप पर निजी तस्वीरें और काॅल की तस्वीरें भेज दीं। इससे सगाई टूट गई। आरोपित अभी भी परिवार को धमकियां दे रहा है। मां की शिकायत पर एमएम गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता ओमवती ने बताया उनकी बेटी की जान-पहचान फिरोजाबाद के लाइनपार क्षेत्र के वाल्मीकि बस्ती निवासी राजकुमार के बेटे अमन से सोशल मीडिया प्लेटफार्म में हुई थी। दोनों फोन और सोशल मीडिया के जरिए वीडियो काॅल पर बात करने लगे। अमन ने इन बातचीत की रिकार्डिंग कर ली।
इसके बाद उसने युवती को ब्लैकमेल करते हुए निजी फोटो भेजने और बाथरूम से वीडियो काॅल पर बात करने के लिए मजबूर किया। इंकार करने पर रिकार्डिंग मां, भाई और रिश्तेदारों को भेजकर बदनाम करने की धमकी दी। बदनामी के डर से युवती ने कुछ निजी फोटो भेज दिए और वीडियो काॅल पर बात की।
अमन की हरकतों की जानकारी मिलने पर युवती ने मां को बताया। परिवार ने अमन के स्वजन से शिकायत की। इसके बाद उसके पिता राजकुमार, बहन शिवानी, बुआ मधु पत्नी अनोखेलाल और भाई छोटू ने माफी मांगकर भविष्य में ऐसी हरकत न होने का भरोसा दिया। 25 मई 2026 को युवती की सगाई टेढ़ी बगिया निवासी आकाश से हुई।
इसकी जानकारी मिलते ही अमन ने मंगेतर आकाश के वाट्सएप नंबर पर युवती की निजी फोटो और वीडियो काॅल की तस्वीरें भेज दीं, साथ ही उसके बारे में झूठी बातें कहीं। इससे सगाई टूट गई। मां ओमवती का आरोप है कि अमन अब भी धमकियां देकर परिवार को ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से परेशान कर रहा है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया युवती की मां की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
