17 वीं लोकसभा में आगरा को मिल सकते हैं एक से ज्यादा वजीर
जीत के साथ तो प्रत्याशियों की पहली दौड़ खत्म हो गई लेकिन मंत्रिमंडल में स्थान पाने की दावेदारी मजबूत हो गई है।
आगरा, जागरण संवाददाता। फतेहपुर सीकरी एवं आगरा लोकसभा क्षेत्र के साथ ही उत्तर विधानसभा उपचुनाव में भी भगवा लहराया है। जीत के साथ तो प्रत्याशियों की पहली दौड़ खत्म हो गई, लेकिन मंत्रिमंडल में स्थान पाने की दावेदारी मजबूत हो गई है। माना जा रहा है कि आगरा के खाते में एक से ज्यादा वजीर आ सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल को भाजपा ने आगरा सुरक्षित लोकसभा सीट से मैदान में उतारा तो टूंडला विधानसभा रिक्त हो गई है। लोकसभा से लेकर राज्यसभा तक प्रतिनिधित्व कर आए प्रो. बघेल योगी कैबिनेट के बाद अब मोदी कैबिनेट में शामिल होने के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। बघेल समाज में गहरी पैठ रखने के साथ ही वे पार्टी शीर्ष नेतृत्व तक भी पकड़ रखते हैं। वहीं सीकरी से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले राजकुमार चाहर की जाट समाज में गहरी पकड़ है। पीएम नरेंद्र मोदी से भी अधिक वोट हासिल कर और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राज बब्बर को पछाड़ वे भी सुर्खियों में आ गए हैं। वहीं उप्र के कई मंत्रियों को भाजपा ने लोकसभा चुनावों में मैदान में उतारा था। इसलिए यहां भी विस्तार होना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में उपचुनाव में उत्तर विधानसभा सीट पर भारी मतों से विजेता बनने वाले पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी पार्टी की प्राथमिकता में हैं। कार्यकर्ता से नेता बने और संगठन पर गहरी पकड़ है। वैश्य समाज को संतुष्ट करने के लिए पार्टी उनको भी मंत्रिमंडल में सम्मिलित कर सकती है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप