Agra News: ताजनगरी बनेगी अयोध्या नगरी जैसी, शासन को भेजा जाएगा सिटी डवलपमेंट प्लान
Agra News गुरुवार को एडीए में मैनहर्ट ने दिया प्रेजेंटेशन। सिटी डवलपमेट प्लान का ड्राफ्ट करीब-करीब तैयार हो गया है। इसे शासन को भेजा रहा है। महायोजना पर आई आपत्तियों का किया जाएग निस्तारणा। महायोजना 2031 पर शहरवासियों ने जताई थीं आपत्तियां।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के समग्र विकास को सिटी डवलपमेंट प्लान (नगर विकास योजना) बना लिया गया है। अयोध्या की तर्ज पर बनाए जा रहे प्लान को शासन को भेजा जाएगा। एडीए सभागार में हुई बैठक में सिंगापुर की मैनहर्ट कंपनी द्वारा प्रेजेंटेशन दिया गया।
प्रदेश में अयोध्या की तर्ज पर 13 शहरों के समेकित विकास को सिटी डवलपमेंट प्लान बनाया जा रहा है। इनमें आगरा भी शामिल है। मैनहर्ट ने 20 जुलाई को एडीए सभागार में हुई बैठक में प्रेजेंटेशन दिया था। इसमें वर्ष 2051 की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ताजमहल के आसपास के वातावरण को सुधारने, यमुना तट व पालीवाल पार्क के पूर्ण विकास, ईको टूरिज्म, पार्किंग, बस अड्डे आदि की योजनाएं शामिल की गई थीं। स्थानीय हितधारकों ने कई आपत्तियां जताते हुए सुझाव दिए थे। मैनहर्ट कंपनी ने गुरुवार को एडीए सभागार में प्लान का प्रेजेंटेशन दिया। अब शासन के समक्ष इसका प्रेजेंटेशन किया जाएगा। एडीए द्वारा इसके लिए समय मांगा जा रहा है।
एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गाैड़ ने बताया कि सिटी डवलपमेट प्लान का ड्राफ्ट करीब-करीब तैयार हो गया है। इसे शासन को भेजा रहा है। शासन के समक्ष प्रेजेंटेशन में आईं आपत्तियों के निस्तारण और सुझावों को शामिल करते हुए इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
महायोजना पर आई आपत्तियों का करेंगे निस्तारण
एडीए द्वारा तैयार की गई महायोजना, 2031 पर शहरवासियों ने काफी आपत्तियां जताई थीं। आपत्तियों को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। अभी बोर्ड बैठक की तिथि तय नहीं हो सकी है।