Agra Weather Update: न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक, आगरा को लेकर मौसम विभाग ने जताया ये अनुमान
Today Agra Weather News Update आगरा में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान में उछाल दर्ज हुआ है। ये सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27 डिग्री के करीब रहा है। वहीं आज अधिकतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज होने के आसार हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। उत्तराखंड के पांच शहरों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है और भुवनेश्वर में सुबह से चक्रवाती तूफान असानी के असर के चलते बारिश हो रही है। लेकिन आगरा में हाल उलट है। मंगलवार सुबह तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा, वहीं अधिकतम तापमान में भी उछाल आने के आसार हैं। हां, इतना जरूर है कि हवा में ठंडक बनी रहने से कुछ राहत है।
आगरा में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 27.7 डिग्री दर्ज हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि इस पूरे सप्ताह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी लेकिन हीट वेव भी नहीं चलेगी। अधिकतम तापमान 43−44 डिग्री के आसपास रहेगा और न्यूनतम 26−27 डिग्री तक। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट रही थी, यह 40.7 डिग्री दर्ज हुआ था।
सिर में दर्द और आंखें लाल
धूप में बाहर निकल रहे लोगों को सिर में दर्द की समस्या हो रही है। इसके साथ ही आंखें लाल होने के साथ दर्द हो रहा है। धूप में ज्यादा देर रहने से मांसपेशियों में दर्द हो रहा है। लोगों को चक्कर आ रहे हैं।
उल्टी दस्त और बुखार के मरीज बढ़े
एसएन मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल के साथ ही निजी क्लीनिक पर उल्टी दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। स्कूल जा रहे बच्चों को धूप से आने के बाद ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने से सर्दी जुकाम और बुखार की समस्या हो रही है।
ये करें
− सुबह 11 से शाम चार बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें।
− धूप में छाता लेकर निकलें, चेहरे और शरीर को ढक कर रखे।
− स्वच्छ पानी का सेवन अधिक करें, नीबू शिकंजी, ओआरएस घोल का सेवन करें।
− जहां तक हो रखा हुआ खाना और बाजार का खाना खाने से बचें।