चिलचिलाती धूप और लू से मिली आगरावासियों को राहत, बूंदाबांदी से गिरा तापमान, आने वाले दिनों का ऐसा रहेगा हाल
Agra Weather Forecast रविवार सुबह मौसम में तेजी से बदलाव आया। तेज हवाओं के साथ बादल छाए और देखते ही देखते बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आई और तेज धूप के साथ चलने वाली गर्म हवाओं से लोगों को राहत मिली।
आगरा, जागरण टीम। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक साबित हुआ और रविवार सुबह मौसम में बदलाव आया। तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान आगरा के लोगों को राहत की बूंदों ने ठंडक पहुंचाई। तीन दिन तक बादल छाने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया है। रविवार को हुई बूंदाबांदी ने घरों में एसी और कूलर को बंद करा दिया। बूंदाबांदी से गेहूं के किसान परेशान दिखे जिनकी फसल कटने के लिए है।
बूंदाबांदी से गिरा तापमान
अप्रैल के महीने में भीषण गर्मी पड़ रही थी। सूरज की तपिश लोगों को बेहाल कर रही थी। तापमान 40 डिग्री के पास पहुंच गया था। पिछले कुछ दिनों से गर्म हवाएं चल रही थीं जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा मंडरा रहा था। शनिवार शाम से मौसम में बदलाव आया। रविवार की सुबह धूप के साथ हुई लेकिन कुछ ही देर में करीब नौ बजे मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ काले बादल छा गए और बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट आई। संडे को धूप और गर्म हवा के साथ लोगों को उमस से भी राहत महसूस हुई।
तीन दिन मिलेगी तेज धूप से राहत
रविवार को सुबह से शुरू हुई बूंदाबादी के बाद मौसम विभाग का कहना है कि तीन दिन तक बूंदाबांदी, बारिश और आंधी की संभावनाएं हैं। मौसम विभाग का कहना है कि न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
ताजमहल पर पर्यटकों ने उठाया मौसम का मजा
ताजमहल पर बूंदाबांदी होने पर पर्यटकों ने खुशनुमा माहौल में स्मारक का दीदार किया। अन्य स्मारकों पर भी पहुंचे सैलानियों ने बदले मौसम का मजा उठाया। सिकंदरा में अकबर टाम्ब, फतेहपुर सीकरी के साथ आगरा फोर्ट में संडे को सैलानी पहुंचे। बूंदाबांदी के बीच स्मारकों का दीदार किया।