Agra Weather Update: प्री−मानसून देगा जल्द ही राहत, आगरा बारिश लेकर मौसम विभाग ने जताया ये अनुमान
Today Agra Weather News Update आगरा में शनिवार सुबह दो मिनट के लिए तेज बूंदें गिरीं लेकिन गर्मी से राहत नहीं दे सकीं। आंशिक तौर पर बादल भी छा रहे हैं लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30 डिग्री दर्ज हुआ है।
आगरा, जागरण संवाददाता। गर्मी से परेशान आगरा के लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। यूपी में प्री−मानसून सक्रिय हो चुका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों में बूंदाबांदी और आसार की संभावना है। आगरा में भी सोमवार को बूंदाबांदी और मंगलवार को बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है।
आगरा में इन दिनों अधिकतम तापमान 46 डिग्री के आसपास बना हुआ है और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के करीब। न दिन में चैन है और न रात को सुकून। दोपहर के समय सड़क पर निकलने में लू के थपेड़े लग रहे हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। शनिवार सुबह भी हाल बेहाल है। सुबह 5.30 बजे करीब दो तीन मिनट के लिए तेज बूंदें गिरीं लेकिन उससे उमस और बढ़ चुकी है। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.4 डिग्री दर्ज हुआ है।
लू लगने पर ये करें
- लू लगे व्यक्ति को छाया, पंखे, कूलर के सामने लिटाएं।
- शरीर का तापमान कम करने के लिए शरीर, गर्दन, सिर और पेट पर ठंडे पानी से गीला किया कपड़ा रखें।
- व्यक्ति को ओ.आर.एस. का घोल , छाछ या शर्बत पिलाएं।
- यदि आराम न मिले तो उसे तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाएं।
लू से ऐसे करें बचाव
- कड़ी धूप में अनावश्यक घर से बाहर न जाएं।
- धूप में ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनकर निकलें।
- पौष्टिक आहार खाकर और पेय पदार्थ साथ रखकर ही घर से निकलें।
- गर्मी में हल्का भोजन करें और उसमें कच्ची प्याज, सत्तू व दही जरूर शामिल करें।
- पानी, छाछ, लस्सी, नींबू पानी, आम का पन्ना, फलों के जूस, बेल का शर्बत और नारियल के पानी का सेवन करें
- मौसमी फल जैसे- तरबूज, ककड़ी, खरबूजा, खीरा और संतरा का अधिक से अधिक सेवन करें।
- बच्चों को धूप में पार्क किए वाहन में अकेला न छोड़े।
- कड़ी धूप में अत्यधिक शारीरिक श्रम करने से बचें और थोड़े-थोड़े अंतराल पर विश्राम लें।
- पशुओं को छाया में बांधें और उन्हें पर्याप्त पीने का पानी दें।
किसी भी सहायता के लिए इन नंबरों पर फोन करें
− एंबुलेंस 108
− पुलिस 100/112
− राहत आयुक्त कार्यालय 1070