आगरा, जागरण टीम। आगरा में शुक्रवार को बारिश ने तेज धूप और गर्मी से राहत दी। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज और हल्की बारिश हुई। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। शनिवार सुबह की शुरुआत हल्की ठंडी हवाओं से हुई। स्कूली बच्चे गर्म कपड़ों में कैद नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी। वहीं आलू किसान जरूर बारिश को लेकर चिंतित नजर आए।

दिन में नहीं निकली थी धूप

शुक्रवार सुबह से ही धूप नहीं निकली और सुबह नौ बजे से ही ट्रांस यमुना, कालिंदी विहार, आवास विकास कालोनी, सदर सहित कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। 15-20 मिनट की वर्षा के बाद भी धूप नहीं निकली और ठंडी हवा चलती रही। गर्मी से परेशान लोगों ने जरूरत राहत ली, लेकिन जिन क्षेत्रों में तेज बारिश हुई है, वहां आलू की खोदाई कर रहे किसानों को दिक्कत हुई। जमीन गीली हो गई है, अब किसानों का जमीन सूखने का इंतजार करना होगा। दोपहर में सूरज चमका, लेकिन शाम को बादल फिर से घिर गए।

तापमान में आई गिरावट

बारिश तापमान में मामूली गिरावट हुई और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार की सुबह सूरज की चमक के साथ हुई लेकिन हल्की ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर होना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च तक ऐसा ही मौसम रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहेंगे और वर्षा होगी। 22 मार्च से मौसम खुलेगा।

बदले मौसम ने बढ़ाई किसानों की चिंता

बदले मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को भी दिन भर बादल छाए रहे। खेतों में इस समय आलू की खोदाई हो रही है। सरसों की फसल पककर तैयार हो चुकी है। कई जगह इसकी कटाई भी शुरू हो चुकी है। किसानों का कहना है कि यदि वर्षा हुई तो उनका बड़ा नुकसान हो जाएगा। आलू खेत में ही सड़ जाएगा और सरसों की बाली टूटकर गिर जाएगी। खेरागढ़ में विद्युत आपूिर्त बाधित: खेरागढ़ में वर्षा के चलते विद्युत आपूिर्त बाधित हो गई है। इससे लोग पूरी रात परेशान रहे। 

Edited By: Abhishek Saxena