आगरा में अक्टूबर की गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, यूपी में सबसे गर्म शहर बना; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
आगरा पिछले 10 दिनों से उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान लगातार 35 डिग्री ...और पढ़ें

ताजमहल के पास तेज धूप के चलते सिर ढक कर जातीं युवतियां।
जागरण संवाददाता, आगरा। दिन में तेज धूप पसीना छुड़ा रही है तो रात में तापमान में आई गिरावट ने परेशानी बढ़ाई है। मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित प्रादेशिक मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में 10 दिनों से आगरा सबसे गर्म शहर बना हुआ है। अधिकतम तापमान लगातार 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है।
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक तापमान में विशेष गिरावट आने के कोई आसार नहीं है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
शहर से मानसून ने सितंबर के चौथे सप्ताह में विदा ले ली थी। इसके बाद नमी कम हाेने से मौसम शुष्क हो गया। शहर में एक से 10 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान निरंतर 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना रहा। इससे दोपहर में तेज धूप पसीना छुड़ा रही है। शुक्रवार को बाह में वर्षा व ओले पड़ने और शहरी क्षेत्र में तेज हवा चलने के बावजूद शनिवार को मौसम में विशेष बदलाव देखने को नहीं मिला।
सुबह से धूप निकली, जो दिन चढ़ने के साथ तेज होती चली गई। अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि रविवार और सोमवार को मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी।
106 वर्ष पुराना है अक्टूबर का रिकार्ड
अक्टूबर में सबसे गर्म दिन का रिकार्ड 106 वर्ष पुराना है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार एक अक्टूबर, 1920 को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अक्टूबर में सबसे ठंडा दिन 31 अक्टूबर, 1939 को रहा था।
तब न्यूनतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस रह गया था। माह में सर्वाधिक वर्षा एक अक्टूबर, 1910 को 169.7 एमएम रिकार्ड की गई थी। 1910 में ही अक्टूबर माह में सर्वाधिक वर्षा 268.8 एमएम दर्ज की गई थी।
