Agra Weather Update: बारिश ने बढ़ाई गलन और ठिठुरन, सर्द हवाओं से छूटी कंपकंपी, दो दिन के मौसम का ये है अनुमान
Agra Weather Update आगरा में रात में हुई बारिश शहर में गिरे ओले। आज और कल भी बरसात की संभावना जताई जा रही है। बारिश के बाद सर्दी बढ़ी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी तेजी से आएगी कमी।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में सोमवार को सुबह से ही मंडरा रहे बादल शाम होते ही बरसने लगे। कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। शहर के नूरी गेट क्षेत्र में ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने आज और कल भी वर्षा की संभावना जताई है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तेजी से कमी आएगी। पिछले कई दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी।
शाम को चली ठंडी हवाएं
गलन और ठिठुरन की पकड़ ढीली होने लगी थी। मगर सोमवार सुबह दस बजे मौसम का मिजाज बदलने लगा। बादल छा गए। दिनभर सूरज बादलों के पीछे आंख मिचौली का खेल खेलते रहे। शाम को ठंडी हवा चलने लगी। रात आठ बजे बूंदाबांदी हुई और फिर सिकंदरा, शास्त्रीपुरम, बोदला, शाहगंज सहित कई क्षेत्रों में तेज वर्षा हुई। मौसम विभाग के निदेशक डा. दानिश बुधवार तक वर्षा के आसार हैं।
बादलों ने डाला डेरा तो तापमान में आई गिरावट
9.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा न्यूनतम तापमान बादलों के चलते सोमवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। यह 23.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। यह 9.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा।
ये भी पढ़ें...
मंगलवार की सुबह सर्द हवाओं से छूटी कंपकंपी
अफगानिस्तान में बने पश्चिमी विक्षोभ का असर जिलेभर में दिखाई पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को भी वर्षा के आसार हैं। मंगलवार की सुबह सर्द हवाओं से हुई। हवाओं के तेज चलने से सबसे बड़ी परेशानी छोटे बच्चों को स्कूल जाते समय हुई। हवाओं ने गलन और ठिठुरन को और बढ़ा दिया। अभी कुछ दिनों से सूरज ने ठंड के तेवर ढीले कर दिए थे। कोहरा से भी निजात मिल गई थी। लेकिन बदलते मौसम ने एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का अहसास करा दिया।