विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Agra Weather News: नौतपा के पहले दिन बारिश, इस बार कम तपने के आसार; देखें कैसा रहेगा मौसम

Published: Sun, 25 May 2025 01:32 PM (IST)

नौतपा के पहले दिन तेज हवा के साथ बारिश हुई जिसकी गति 60 से 80 किमी प्रति घंटा रही। मौसम ...और पढ़ें

आगरा में बरसात की फाइल फोटो का उपयोग किया गया है।
आगरा में बरसात की फाइल फोटो का उपयोग किया गया है।

जागरण संवाददाता, आगरा। नौ दिन तक गर्मी में तपाने वाले नौतपा की शुरुआत रविवार से हो गई। सूर्यदेव के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के दिन से नौतपा की शुरुआत होती है। सूर्यदेव के आठ जून तक रोहिणी नक्षत्र में रहने तक नौतपा रहेगा। नौतपा के पहले दिन सुबह चार बजे तेज हवा के साथ वर्षा हुई। हवा की रफ्तार 60 से 80 किमी प्रति घन्टा रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस बार नौतपा लोगों को कम तपाएगा।

हिंदू मान्यता के अनुसार, सूर्यदेव के रोहिणी नक्षत्र में रहने के समय सूर्य की किरणें धरती पर सीधी पड़ती हैं, जिससे तापमान अधिक रहता है। सूर्यदेव 15 दिन के लिए रोहिणी नक्षत्र में आते हैं, जिसके शुरुआती नौ दिन में अधिक गर्मी पड़ती है, जिससे इसे नाैतपा कहा जाता है। मान्यता है कि यदि नौ दिनों में वर्षा न हो और ठंडी हवा नहीं चले तो वर्षा अच्छी होती है।

ये है नौतपा की मान्यता

नौतपा जितना तपता है, उतनी ही अच्छी वर्षा होने की संभावना रहती है। इस बार नौतपा के अधिक तपने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। पहले दिन ही रविवार सुबह करीब 4 बजे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। तेज हवा चलने लगी। बूंदाबांदी के बाद वर्षा होने लगी और बिजली गुल हो गई। तेज हवा से पेड़ों की टहनियां टूट गईं।

सामान्य से कम रहा अधिकतम तापमान

शहर में शनिवार को दिनभर आंशिक बादल छाए रहे और हल्की हवा चलती रही। अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

प्रदेश के गरम शहर

क्रम, शहर, अधिकतम तापमान

  • झांसी, 42.1
  • बांदा, उरई, 41.4
  • मुरादाबाद, 40.5
  • आगरा, 39.5 

मौसम विज्ञानी मो. दानिश के अनुसार 25 से 27 मई तक आंशिक बादल रहेंगे और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। 28 मई को आंशिक बादल व गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। 29 व 30 मई को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। वर्षा या गरज के साथ तूफान की संभावना है।