Agra Weather Forecast: आगरा में मनाली जैसा मौसम, बारिश को लेकर मौसम विभाग ने दिया ये अनुमान
Agra Weather आगरा में सोमवार सुबह से ही घने बादल छाए हैं। सुबह 11 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए हैं और इक्का दुक्का बूंदें भी पड़ चुकी हैं। मौसम विभाग ने आज ठीक ठाक बारिश होने के आसार जताए हैं इसके बाद यहां कोहरा छाने लगेगा।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरावासियों के लिए मंगलवार का मौसम मनाली जैसा है। सुबह से बादल छाए हैं, 11 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए हैं। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है लेकिन धूप न निकलने और हवा ठंडी चलने से कंपकंपी छूट रही है। वातावरण में हल्की धुंध छाई हुई है। मौसम विभाग ने आज बारिश होने के प्रबल आसार जताए हैं। इसके साथ ही यहां कोहरा भी दस्तक दे देगा। इस पूरे सीजन में केवल चार दिन तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ था।
आगरा में सुबह से बादल छाए हुए हैं, मंगलवार की सर्दी में लोगों की कंपकंपी छूट रही है। सुबह का तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बारिश हो सकती है। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज दोपहर में बारिश हो सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान भी नीचे आ जाएगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर कम रह जाने से ही गलन का अहसास होगा। नए साल का आगाज अच्छी ठंड के साथ हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार जब-जब हिमालय क्षेत्र में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होता है। पहाड़ों की ओर से चलने वाली उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्वी हवाओं पर रोक लग जाती है। इसके बाद दक्षिण पूर्वी हवाओं का प्रवाह आरंभ हो जाता है। ये हवाएं अपेक्षाकृत गर्म होती हैं और इनमें नमी होती है। यही कारण है कि इनके प्रवाह से वातावरण में हाड़ कंपाने वाली सर्दी से कुछ हद तक राहत मिल जाती है। 22 दिसंबर से पश्चिम विक्षोभ हिमालय में सक्रिय हो चुका है, यही कारण है कि आगरा में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।