Agra Weather Forecast: ताजनगरी में दिन गर्म, रात होने लगी राहत भरी
Agra Weather मौसम विभाग के बारिश को लेकर जताए गए पूर्वानुमान ताजनगरी मेें इस साल होते रहे फेल। तीन दिन बारिश की उम्मीद जताई गई थी वह भी नहीं हो सकी पूरी। सामान्य से भी 50 फीसद कम रही बारिश। तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में बारिश को लेकर इस साल मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान फेल ही रहे। पूरा मानसून का सीजन बीत गया, सामान्य क्या यहां तो उससे भी 50 फीसद कम बारिश हुई। मानसून विदाई की बेला में गुजरे तीन दिन भी यहां मौसम बताने वाली तमाम वेबसाइट्स ने बारिश की संभावना जाहिर की थी, वह भी पूरी नहीं हो सकी। बुधवार, गुरुवार के बाद शुक्रवार भी सूखा निकला। शनिवार को दिनभर आसमान साफ रहेगा। शाम को हल्के बादल जरूर छा सकते हैं। हालांकि बीते दो दिन से इतना अंतर जरूर आया है कि यहां दिन गर्म है लेकिन रात जरूर अब राहत भरी होने लगी हैं।
शनिवार को सुबह सात बजे से ही तेज धूप निकल आई है। सुबह नौ बजे तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पर है, जो 36 डिग्री होने जैसा अहसास करा रहा है। अधिकतम 37 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। शाम चार बजेे के बाद हल्के फुल्के बादल छा सकते हैं। हालांकि बीते दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई है। इससे पहले तेज धूप निकलने से शुक्रवार को दिन में गर्मी और उमस रही थी। रात को हवा में ठंडक रही, इससे गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को दिन में गर्मी और उमस रहेगी। मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह 10 बजे से धूप तेज होती गई, दोपहर 12 से तीन बजे तक तेज धूप निकली। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 38.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 25.4 डिग्री रहा। रात को हवा में ठंडक रही। दिन भर गर्मी और उमस से परेशान लोगों को रात को गर्मी से राहत मिली।
हर साल सितंबर रहता है गर्म
पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि हर साल सितंबर में 30 से 38 डिग्री तक तापमान रहता है, ऐसे में राजस्थान की तरफ से चलने वाली गर्म हवाओं से गर्मी और उमस बढ जाती है। बार बार बादल छाते हैं, नमी मिलने से बारिश होती है।
पांच साल में सबसे कम बरसात इस साल
2020- 28.2 मिमी
2019- 125 मिमी
2018- 137.5 मिमी
2017- 78.1 मिमी
2016- 45 मिमी