Agra Weather Forecast: आगरा में उमस से हाल बेहाल, कल राहत की उम्मीद
Agra Weather गुरुवार को रहेगा अधिकतम तापमान 37 डिग्री के करीब। शुक्रवार को बूंदाबांदी दे सकती है कुछ राहत।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा का मौसम अब कुछ राहत देने की ओर है। हालांकि गुरुवार को भी माैसम का गर्म मिजाज देखने को मिलेगा। लेकिन शुक्रवार को बादल मेहरबान हो सकते हैं और बूंदाबांदी की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा।
मानसून की बारिश कम होने के चलते इस साल सितंबर का महीना ताजनगरीवासियों के लिए सुकून भरा नहीं रहा। गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप निकली है। सुबह नौ बजे ही तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है, जो 38 डिग्री के समान महसूस हो रहा है। इससे पहले बुधवार रात को भी गर्मी से राहत नहीं मिली थी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 18 सितंबर को मौसम बदल सकता है। बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 37.5 डिग्री, वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 26.8 डिग्री के आसपास रहेगा।