Agra Weather Forecast: आगरा में तापमान 35, अहसास 43 डिग्री होने जैसा
Agra Weather शुक्रवार को रहेगा अधिकतम तापमान 37 डिग्री के करीब। स्थानीय स्तर पर दबाव न बनने से बादल गायब।
आगरा, जागरण संवाददाता। लगता है आगरावासियों को इस साल पूरा सितंबर पसीना बहाते हुए और बेचैनी भरा ही गुजारना होगा। शुक्रवार सुबह से धूप तेज है। उमस पसीने छुड़ा रही है। पहले मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई थी लेकिन स्थानीय स्तर पर दबाव न बन पाने के कारण बादल गायब हो गए हैं और अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक पहुंच चुके हैं।
ताजनगरी में इस साल औसत से कम बारिश का होना अगले मानसून के आने तक परेशान करेगा। अब न दिन में चैन है और न रात में ही सुकून है। उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। दोपहर में सूर्य की तल्ख किरणें परेशान कर रही हैं। वहीं रात में उमस के साथ ही मच्छरों का भी दंश लोगों को झेलना पड़ रहा है। कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं। यूं कह लें कि सितंबर के महीने में जून जैसी उमस और गर्मी का असर है।
बारिश हो नहीं रही और आसमान से बादल साफ हैं
पिछले कुछ दिनों से वातावरण में गर्मी और उमस का स्तर फिर बढ़ गया है। शुक्रवार की सुबह भी आसमान में बादल नहीं हैं। सूर्य की गर्म किरणें अभी से परेशान करने लगी हैं, जबकि दोपहर बाकी है। पूर्व में मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश होने का अनुमान जताया था, हालांकि स्थानीय स्तर पर दबाव न बन पाने के कारण अब बारिश के आसार न के बराबर ही रह गए हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पूर्वाह्न 11 बजे तापमान 35 डिग्री दर्ज किया जा चुका है, जो उमस बढ़ी होने से 43 डिग्री होने जैसा अहसास करा रहा है।