Agra Weather Forecast: ताजनगरी में बादल कर रहे निराश, धूप और उमस ने किया परेशान
Agra Weather शनिवार सुबह से ही निकली है तेज धूप। दिनभर रहेगा आसमान साफ। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी से इस साल इंद्रदेव लगभग रुठे ही रहे। मानसून के सीजन में भी लोग भरपूर बारिश देखने को तरस गए। किसान परेशान हैं, खेतों को उतनी नमी मिल ही नहीं पाई, जो आगामी फसल के लिए लाभदायक साबित होती। बादल निराश कर रहे हैं और धूप व उमस परेशान। सितंबर के महीने में पसीना बह रहा है। न्यूनतम तापमान भी अब उछाल ले रहा है। यह सामान्य से दो डिग्री ऊपर पहुंच गया है।
आगरा में शनिवार सुबह से ही तेज धूप निकली है। इसके साथ ही आर्द्रता का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा था। सुबह नौ बजे से धूप तेज होती गई, दोपहर 12 बजे के बाद धूप चुभने लगी थी। कुछ देर धूप में खडे होने पर पसीना टपकने लगा। दोपहर तीन बजे तक तेज धूप निकली, इससे उमस और बढ़ गई। रात को भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली।
बारिश का हाल
जुलाई में 24 घंटे में हुई सर्वाधिक 54 एमएम बारिश
अगस्त में 24 घंटे में हुई सर्वाधिक बारिश 85 एमएम
सितंबर में 30 मिनट में बारिश 45 एमएम