Agra Weather Forecast: ताजनगरी में क्वार के महीने में जेठ जैसी धूप छुड़ा रही पसीने
Agra Weather गुरुवार सुबह से ही तेज धूप निकली है। उमस बढ़ने से हो रहा हाल बेहाल।
आगरा, जागरण संवाददाता। हिंदी हिसाब से महीना क्वार का चल रहा है और ताजनगरी में हालात जेठ के जैसे हैं। सामान्य से भी कम बारिश होने के चलते सितंबर में भी गर्मी के मारे हाल बुरा हो चला है। तापमान उछाल ले रहा है और बढ़ती उमस पसीने से बेहाल कर रही है। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया है। दोपहर में अगर घर से निकल जाओ तो झुलसन सी महसूस हो रही है। अधिकतम तापमान 36 िडिग्री सेल्सियस के करीब आ चुका है।
गुरुवार सुबह से तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ गई है। अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री से अधिक दर्ज रहने की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को तेज धूप निकलने से तापमान में बढोत्तरी होगी। सुबह 10 बजे से ही धूप तेज होती जा रही है। दोपहर 12 से तीन बजे तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। रात को भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 26 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 11 सितंबर तक तेज धूप निकलेगी, इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढोत्तरी होगी।
बारिश का हाल
जुलाई में 24 घंटे में हुई सर्वाधिक 54 एमएम बारिश
अगस्त में 24 घंटे में हुई सर्वाधिक बारिश 85 एमएम
सितंबर में 30 मिनट में बारिश 45 एमएम