Agra Weather Forecast: ताजनगरी में बढ़ता जा रहा बारिश का इंतजार, पड़ोसी जिलों में हो रही झमाझम
Agra Weather आगरा में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा पारा। अधिकतम तापमान रहेगा 37 डिग्री सेल्सियस के करीब। सुबह से धूप है तीखी। साथ ही चल रही बादलों के पीछे सूरज की लुकाछिपी।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी के वाशिंदों के लिए बारिश का इंतजार बढ़ता जा रहा है। बादल बन रहे हैं लेकिन बरस नहीं रहे। शुक्रवार को यमुना पार इलाके में बारिश हुई थी लेकिन बाकी शहर सूखा था। इधर पड़ोसी जिलों में भी झमाझम हो चुकी है। मैनपुरी और फीरोजाबाद बारिश की बूंदों से ठंडे हो चुके हैं। इधर आगरा में शनिवार सुबह से ही धूप तेज हो गई है। गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शाम को बारिश हो सकती है।
शनिवार सुबह सात बजे के बाद धूप निकल आई, इसके साथ ही सूरज की बादलों के पीछे लुकाछिपी भी चल रही है। नौ बजे के बाद धूप तेज हो गई है। 10 बजे के बाद धूप में निकलना मुश्किल हो रहा है। इससे न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि हवा में ठंडक बनी रहने से कुछ राहत है।
21 जून तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। रविवार को भी बारिश की संभावना है। 21 जून तक बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।