Agra Weather Forecast: आगरा में धूप दे रही है ठंड से राहत, कोहरा नहीं लेकिन तापमान में गिरावट
Agra Weather आगरा में शुक्रवार सुबह से मौसम साफ है। कोहरा बिल्कुल नहीं रहा इसके साथ ही सुबह से धूप भी अच्छी निकली है। लेकिन तापमान में गिरावट है। धूप में बैठने पर राहत महसूस हो रही है लेकिन उससे हटने के बाद गलन जैसा अहसास हो रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में इस समय पहाड़ों जैसा मौसम है। जब तक धूप है तो राहत है। लेकिन सूरज ढलने के साथ ही गलन बढ़ रही है। दरअसल न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच अंतर कम रह गया है। वहीं आगरा में शुक्रवार को कोहरा भी नहीं रहा। हालांकि मौसम विभाग ने नए साल के आरंभ के साथ शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
आगरा में सुबह नौ बजे के बाद धूप तेज होती गई। 10 बजे धूप में गर्माहट महसूस हो रही है। लोग धूप का आनंद ले रहे हैं। न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी। नए साल में अच्छा कोहरा पड़ने के आसार जताए जा रहे हैं। दरअसल तापमान में इन दिनों उतार चढ़ाव चल रहा है। सात-आठ डिग्री से बढ़कर तापमान 11 तक आ गया था। इसके बाद दुबारा से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है।
नए साल में होगी बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सुबह और रात में कोहरा छाएगा। दो जनवरी को मौसम बदल सकता है और बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।
बढ़ गई गजक और मूंगफली की मांग
ठंड में सबसे ज्यादा मूंगफली और गजक की मांग रहती है। मूंगफली जहां 120 रुपये किलो बिक रही है वहीं तिल वाली गजक 460 रुपये किलो, गुड़ वाली मूंगफली की चिक्की 240 रुपये किलो और गुड़ वाली गजक 250 रुपये तक बिक रही है।