Agra Weather Forecast: ताजनगरी का मौसम सुहाना, Sunday को बना दिया Funday
Agra Weather शनिवार रात से लेकर रविवार सुबह तक आगरा में बरसती रहीं हल्की फुहारें। उमस से मिली राहत।
आगरा, जागरण संवाददाता। मानसून की विदाई की बेला में ताजनगरी का मौसम सुहाना है। रविवार को सुबह खुशनुमा है। शनिवार रात से शुरू हुईं हल्की फुहारें, रविवार सुबह तक जारी हैं। हवा ठंडी हो चुकी है और उमस गायब। रविवार का दिन है, सभी घरों में हैं। परिवार के साथ फन डे मनाया जा रहा है। आज दिनभर बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं। अध्िाकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे हैं।
आगरा में रविवार को मौसम सुहाना है लेकिन वीकली लॉकडाउन के चलते लोग कहीं घूमने नहीं जा सकते इसलिए घरों में रहकर ही मस्ती हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो दिनभर मौसम सुहाना ही रहेगा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 31 और न्यूनतम भी एक डिग्री कम रहकर 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सुबह 10 बजे तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। इससे पहले शनिवार को सुबह से तेज धूप निकली थी और शाम को मौसम बदल गया था। शनिवार को तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे पहुंच गया। सुबह आठ बजे के बाद धूप तेज होती गई, दोपहर 12 बजे के बाद धूप तेज होती गई और उमस बढ गई। शाम को मौसम बदल गया, आंधी चली। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.1 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 26.4 डिग्री रहा।
चार सितंबर तक बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है, सोमवार को भी बादल छाए रहने की संभावना है। चार सितंबर तक बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है, इससे तापमान में गिरावट आएगी।