Agra Weather Forecast: चुभती धूप और बढ़ती उमस छुड़ा रही ताजनगरी में लोगों का पसीना
Agra Weather आगरा में बारिश न होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आने लगा उछाल। रात में छूट रहे पसीने।
आगरा, जागरण संवाददाता। झड़ी लगकर होने वाली बारिश की आस इस साल ताजनगरी में अधूरी ही रह गई। आधा घंटे से ज्यादा किसी भी दिन यहां बारिश नहीं हुई। बारिश का सामान्य आंकड़ा भी इस साल पूूूूरा न होने से सितंबर के दूसरे सप्ताह में यह हाल है कि चुभती धूप और बढ़ती उमस पसीने छुड़ा रही है। आम तौर पर आगरा में अक्टूबर के महीने से हल्की ठंडक की शुरुआत हो जाती है लेकिन इस बार ऐसा लग रहा है कि सर्दी भी देर से ही शुरू होगी।
आगरा में सोमवार को सुबह से ही तीखी चुभने वाली धूप निकली हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 35 डिग्री से अधिक रहेगा। सुबह 9.30 बजे ही तापमान 31 डिग्री पर आ चुका है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आर्द्रता का स्तर बढ़कर 75 फीसद पर आ जाने से 31 डिग्री का तापमान ही 39 डिग्री जैसा अहसास करा रहा है। इससे पहले रविवार को भी लोग पसीना बहाते बहाते परेशान हो गए थे। सुबह से तेज धूप निकलने से रविवार को गर्मी और उमस बढ़ गई थी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान दो डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सुबह आठ बजे से धूप तेज होती गई, दोपहर 12 से तीन बजे तक तेज धूप निकली। इससे गर्मी और उमस बढ गई, शाम को भी गर्मी से राहत नहीं मिली।
मामूली छा सकते हैं बादल
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को दोपहर में मामूली बादल छाए रह सकते हैं। बारिश की संभावना नहीं है। मंगलवार को बादल छट जाएंगे और धूप निकलेगी। इससे गर्मी और उमस बढ़ सकती है।
बारिश का हाल
जुलाई में 24 घंटे में हुई सर्वाधिक 54 एमएम बारिश
अगस्त में 24 घंटे में हुई सर्वाधिक बारिश 85 एमएम
सितंबर में 30 मिनट में बारिश 45 एमएम