Agra Weather Forecast: आगरा में तापमान हो रहा कम, सुबह और शाम ठंड
Agra Weather आगरा मेें बुधवार को सुबह रही ठंडक। धूप तेज होने से दोपहर में बढ़ी गर्मी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आज हो सकती है कुछ और गिरावट। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। वहीं न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के करीब।
आगरा, जागरण संवाददाता। आधे से ज्यादा अक्टूबर गुजर चुका, अब आगरा में मौसम भी बदल रहा है। सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। रात में अगर सूती कपड़ों को पहनकर घूमने निकल जाएं तो ठंड लगने लगी है। बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है। हालांकि दोपहर में तेज धूप रहने से कुछ गर्मी का भी अहसास हो रहा है।
बुधवार सुबह हवा में ठंडक रही। सुबह सैर करने निकले लोगों ने मौसम में ठंडक आने से सुखद अहसास का अनुभव किया। बुधवार को सुबह छह से नौ बजे तक धूप में गर्माहट महसूस नहीं हो रही थी। लेकिन सुबह 10 बजे धूप तेज होने पर जरूर गर्मी महसूस हुई। हालांकि सुबह 11 बजे तापमान 30 डिग्री दर्ज किया जा चुका है। इस सप्ताह के बाद तापमान में कुछ और गिरावट दर्ज हो सकती है।
इससे पहले मंगलवार को भी सुबह ठंडी हवा चलती रही, सर्दी महसूस हुई। सुबह नौ बजे के बाद धूप तेज होती गई। दोपहर तीन बजे तक तेज धूप निकली, इससे गर्मी का असहास हुआ। मगर, शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। हवा में ठंडक रही, सर्दी महसूस होने लगी। इससे अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आएगी। इससे सुबह ठंडक महसूस होगी। बुधवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान में भी लगातार गिरावट आएगी।