Agra Weather Forecast: बादल कर रहे अब छलावा, सूखा रह रहा आगरा
Agra Weather आगरा में लोकल लेवल पर नहीं बन पा रहा बारिश को पर्याप्त दबाव। बिना बरसे गुजर रहे बादल।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी की प्यास इस साल अधूरी ही रह गई है। अगस्त बीत चुका और सितंबर के पहला सप्ताह भी अब लगभग सूखा ही निकलने की ओर है। लोकल लेवल पर बारिश को पर्याप्त दबाव नहीं बन पा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान भी ताजनगरी में आकर दम तोड़ जा रहे हैं। बारिश को लेकर जो संभावनाएं जताई गईं, उतनी बारिश यहां हुई ही नहीं। शुक्रवार को भी बादल छाने के साथ हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
ताजनगरी में शुक्रवार को सुबह तेेज धूप निकली है लेकिन हवा ठंडी रहने से राहत है। आज अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दोपहर बाद हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले धूप निकलने से गुरुवार को गर्मी और उमस बढ गई थी। अधिकतम तापमान 33 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से अधिक रहा। सुबह नौ बजे के बाद धूप तेज होती गई। दोपहर 12 से तीन बजे तक तेज धूप के साथ ही उमस बढ गई। रात को भी गर्मी और उमस रही, इससे अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है।छह सितंबर तक बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। सात सितंबर को बादल छट जाएंगे और धूप निकलेगी।