Agra Weather Forecast: ताजनगरी में लौटी गलन, बर्फीली हवाओं ने छुड़ाई कंपकंपी
Agra Weather आगरा में मंगलवार सुबह रहा हल्का कोहरा। हवाओं के आगे धूप की तेजी बेअसर। नए साल के जश्न पर सर्दी होगी चरम पर। जनवरी की शुरुआत में बारिश के आसार। इसके बाद कोहरा जमा लेगा डेरा।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में गलन भरी सर्दी का दौर लौट आया है। बीच में कुछ समय राहत देने के बाद दुबारा से बर्फीली हवाएं चलने लगी हैं। सोमवार रात को कंपकंपी छूटती रही। इसके बाद मंगलवार सुबह हल्का कोहरा रहा। हालांकि धूप निकल आई है लेकिन हवा बर्फीली होने के चलते गर्माहट महसूस नहीं हो रही है। नए साल के जश्न के मौके पर सर्दी पूरे शबाब पर होगी।
ताजनगरी में मंगलवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। सुबह करीब आठ बजे ध्ूाप निकली लेकिन बर्फीली हवा चलते रहने से ठंड से राहत नहीं मिली। सुबह 10 बजे का तापमान 12 डिग्री दर्ज किया जा चुका है। आज अधिकतम 19 और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस पर आने की उम्मीद है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान, दोनों में ही आज सोमवार के मुकाबले दो डिग्री की गिरावट है।
मौसम विभाग का कहना है कि नए साल पर शीत लहर चलने से लोगों की कंपकंपी छूटेगी। दो जनवरी को बारिश हो सकती है। वहीं, सोमवार को दिन में तेज धूप निकलने से न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह से ही धूप निकली, इससे सर्दी से राहत मिली। न्यूनतम तापमान सामान्य छह डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, शाम को सर्द हवा चलने लगी। इससे अधिकतम तापमान सामान्य 22 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस कम 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को शीत लहर चलने से तापमान में गिरावट आएगी। दो और तीन जनवरी को बारिश हो सकती है।