Agra Weather Update: तेज धूप ने बढ़ाई उमस, 44 पार पहुंचा पारा, गर्मी से परेशान रहे लोग, ऐसा रहेगा रविवार का मौसम
Agra Weather Update शनिवार सुबह से निकली धूप ने लोगों को परेशान किया। वहीं दोपहर बाद बादल छाए पूरे दिन उमस रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को आसमान साफ रहेगा। तापतान 42 डिग्री रह सकता है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में शुक्रवार शाम तेज हवा के साथ बौछार पड़ने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन शनिवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सुबह से धूप निकली। बादल छाए रहने की वजह से उमस अधिक रही, जिससे लोग परेशान रहे। माैसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
तेज धूप ने किया परेशान
शुक्रवार को सुबह से धूप निकली थी, लेकिन शाम को बादल छाने से मौसम बदल गया था। तेज हवाओं के साथ बौछार ने मौसम को खुशनुमा बना दिया था। शनिवार को सुबह से धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ पारा भी चढ़ा। आंशिक बादल छाए रहने से उमस रही, जिससे लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक था। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम था।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग का शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। आसमान साफ रहेगा।
लू से करें बचाव
तेज धूप और लू में बाहर निकलने से शरीर से पसीना अधिक निकल रहा है। इससे शरीर में पानी के साथ ही इलेक्ट्रोलाइट सोडियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम सहित अन्य तत्व का असंतुलन होने लगता है। इससे पेट में पानी हो रहा है, जिससे दस्त हो रहे हैं। पानी की कमी अधिक होने पर उल्टी हो रही है। एसएन मेडिकल कालेज के फिजीशियन डा. मनीष बंसल ने बताया कि लू लगने से शरीर का तापमान बढ़ जाता है। इससे सिर में दर्द के साथ बेहोशी छाने लगती है।
ये लक्षण हैं तो डाक्टर को दिखाएं
दस्त और उल्टी होने
चिड़चिड़ापन होने, सिर में तेज दर्द होने या बेहोशी आने पर
त्वचा लाल होने और सूखी होने पर
शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने पर
मांसपेशियों में दर्द
हृदय गति और श्वसन गति बढ़ने पर ये करें
शरीर का तापमान कम करने के लिए शरीर, गर्दन, सिर और पेट पर ठंडे पानी से गीला किया कपड़ा रखें।
ओआरएस का घोल दें, छाछ और शिकंजी पिलाएं।