अब आगरा मंडल के गांवों में लगेंगे बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम, बनेगी बिजली...बचेगा बिल
आगरा मंडल के गांवों में अब बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे, जिससे बिजली जाने पर भी घर रोशन ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पीएम सूर्य घर योजना 2.0 से बिजली बिल बचेगा, आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
हाइब्रिड इनवर्टर से पावर बैकअप मिलेगा, अतिरिक्त बिजली बेच सकेंगे।
जागरण संवाददाता, आगरा। सौर ऊर्जा शहर ही नहीं अपितु गांव-देहात की भी पसंद बनने जा रहा है। बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम जो लगाए जाएंगे। लाइट जाने की स्थिति में भी आपका घर रोशन रह सकेगा। बिजली को लेकर आम जनता अब आत्मनिर्भर बन सकेगी।
रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन के तत्वावधान में माइडिया एनर्जी द्वारा आयोजित जागरूकता संगोष्ठी में सोलर सिस्टम से संबंधित जानकारी दी गई। जिसमें आसपास के जिलों से 200 से अधिक पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत रजिस्टर्ड वेंडर्स शामिल रहे। उनको सौर ऊर्जा के लिए हाइब्रिड इनवर्टर की जानकारी प्रदान की गई।
रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव जैसवाल ने आगे बताया कि अब तक बिना बैटरी, बिना बैकअप वाले सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा रहे थे। इसके कारण ग्रिड पर लोड आ रहा था। ग्रिड असंतुलित हो जाती थी। इसको ठीक करने के लिए अब बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम प्रदान किए जाएंगे।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना 2.0 के तहत भारत सरकार अब बैटरी बैकअप वाले सोलर सिस्टम को अनिवार्य करने जा रही है। पीओ-नेडा प्रेमचंद और माइडिया एनर्जी के कंट्री हेड प्रवीन शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना 2.0 का मतलब है कि हाइब्रिड इनवर्टर से बिजली बिल बचेगा।
पावर बैकअप रहेगा, जिससे लाइट जाने पर एसी तक चल जाए। डीवीवीएनएल के जितेंद्र कुमार, ग्लोबल ट्रेनिंग मैनेजर पीयूष चौधरी, संजीव जैन और दीप गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जन जन को निर्बाध बिजली देना है उद्देश्य
बतौर मुख्य अतिथि एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य जन-जन को न केवल अबाध विद्युत आपूर्ति प्रदान करना है बल्कि हर व्यक्ति को बिजली के लिए आत्मनिर्भर बनाना। यही नहीं अधिक बिजली उत्पादन की स्थिति में बिजली बेचकर आमजन को आर्थिक लाभ भी प्रदान करवाना है।
