विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में नकल नहीं हुई, तो रुपये वापस लेने पहुंचें छात्र से मारपीट, वीडियो वायरल

Published: Fri, 20 Mar 2026 03:26 AM (IST)

आगरा के किरावली में यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल के नाम पर पैसे लेने और नकल न होने पर पैसे ...और पढ़ें

आगरा: इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होते वीडियो में छात्र से मारपीट करते रामखिलाड़ी इंटर कालेज के प्रबंधक सुखवीर सिंह। सौ. इंटरनेट मीडिया

आगरा: इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होते वीडियो में छात्र से मारपीट करते रामखिलाड़ी इंटर कालेज के प्रबंधक सुखवीर सिंह। सौ. इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. नकल के पैसे वापस मांगने पर छात्र की पिटाई।

  2. किरावली के रामखिलाड़ी इंटर कॉलेज का मामला सामने आया।

  3. जिला विद्यालय निरीक्षक ने जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) भले परीक्षा खत्म हो गई है, लेकिन अब भी नकल को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ, जिसमें नकल के लिए दिए गए रुपये वापस मांगने पहुंचे छात्र के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो किरावली क्षेत्र अभुआपुरा स्थित राम खिलाड़़ी इंटर कालेज का है, जो इस वर्ष यूपी बोर्ड का परीक्षा केंद्र बना था। वीडियो में पिटाई झेल रहा छात्र खुद को सेवला निवासी सुरजीत बता रहा है।

छात्र के स्वजन के अनुसार, परीक्षा के दौरान एक शिक्षक ने प्रत्येक छात्र से नकल कराने के नाम पर एक-एक हजार रुपये लिए थे और आश्वासन दिया था कि यदि नकल नहीं हुई तो पैसे वापस कर दिए जाएंगे।

लेकिन परीक्षा में नकल न होने पर छात्र गुरुवार को कालेज पहुंचा और अपने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इस पर केंद्र संचालक / शिक्षक सुखवीर सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।

वीडियो में दिखा पूरा घटनाक्रम
प्रसारित वीडियो में शिक्षक छात्र से कहता नजर आ रहा हैं कि 1400 बच्चों में तुझे ही शिकायत है, तू ही स्पेशल है? इसके बाद वह पैसे की बात करते हुए छात्र को धमकाते हैं और मारपीट शुरू कर देते हैं।

यह भी पढ़ें- आगरा में दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं की बोलेरो पेड़ से टकराई, पांच की मौत

छात्र के साथ मौजूद उसके एक मित्र ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के बाद छात्र की बाइक भी रोक ली गई। बाद में डायल 112 पर पुलिस बुलाने के बाद ही बाइक वापस मिली।

वहीं, कालेज प्रबंधक सुखवीर सिंह ने सभी आरोपों को नकारा है। उनका कहना है कि वह उक्त छात्र को नहीं जानते। वह पिछले दो-तीन दिनों से अलग-अलग स्थानों का नाम लेकर फोन पर पैसे मांग रहा था। मैंने पूछा कि पैसे किसे दिए हैं, तो वह कोई जानकारी नहीं दे सका। किसी विरोधी व्यक्ति ने उनके संस्थान की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से इस युवक को साजिश के तहत भेजा है।

जांच के आदेश
मामले में चंद्र शेखर (जिला विद्यालय निरीक्षक) ने कहा कि वीडियो के आधार पर संबंधित परीक्षा केंद्र को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल वीडियो उनके संज्ञान में नहीं आया है, लेकिन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।