आगरा में 460 बैंक शाखाओं में हड़ताल, प्रभावित हुआ 500 करोड़ का लेनदेन
आगरा में यूएफबीयू के आह्वान पर शुक्रवार को हुई बैंक हड़ताल से 460 शाखाओं में कामकाज ठप रहा, जिससे करीब ...और पढ़ें

हड़ताल के दौरान संजय प्लेस में प्रदर्शन करते बैंककर्मी।
जागरण संवाददाता, आगरा। यूनाइटेड बैंक फोरम आफ यूनियन (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को की गई देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर शहर में भी रहा। जिले की 564 बैंक शाखाओं में से करीब 460 शाखाओं में पूरी तरह कामकाज बंद रहा।
सरकारी बैंकों की सभी शाखाएं हड़ताल के चलते बंद रहीं, जबकि प्राइवेट बैंक, जो हड़ताल में शामिल नहीं थीं, वे खुली रहीं। इस दौरान संजय प्लेस से लेकर एमजी रोड तक नारेबाजी करते हुए रैली भी निकाली गई। करीब 500 करोड़ रुपये का बैंकिंग लेनदेन प्रभावित हुआ।
हड़ताल के कारण बैंकिंग कार्य कराने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आगरा शाखा के अध्यक्ष अंकित सहगल ने बताया कि एक दिन की हड़ताल से जिले में करीब 500 करोड़ रुपये का बैंकिंग लेनदेन प्रभावित हुआ है।
कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के साथ पीएलआइ (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) से जुड़ी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।पदाधिकारियों ने कहा कि पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था अब समय की जरूरत है। साथ ही एकतरफा पीएलआइ व्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी।
सभी श्रेणी बराबर होनी चाहिए। कर्मचारियों से जुड़े मामलों का समाधान द्विपक्षीय वार्ता और आपसी सहमति से होना चाहिए। हड़ताल के बाद शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते बैंक लगातार तीन दिन बंद रहेंगे।
मांगें पूरी नहीं होने पर 28, 29 और 30 सितंबर को फिर हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो एक अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
