सिटी स्टेशन पर आगरा- टूंडला शटल हुई बेपटरी, दौड़े अधिकारी
डाउन ट्रेक की कई ट्रेनें हुईं प्रभावित। इंजन की बाद की बोगी का पहिया निकलने से हुआ हादसा।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिटी स्टेशन पर आगरा टूंडला शटल अचानक बेपटरी हो गई। अधिकारियों को जैसे ही जानकारी हुई सभी मौके पर पहुंच गए। ट्रेन बेपटरी होने से डाउन ट्रेक की करीब चार गाडिय़ा प्रभावित हैं। पैसेंजर में सवार दर्जनों यात्री स्टेशन पर परेशान हो रहे हैं।
शुक्रवार को सुबह 8:10 बजे पर आगरा कैंट स्टेशन से चली आगरा टूंडला शटल 8:50 बजे सिटी स्टेशन पहुंचने वाली थी। स्टेशन पर पहुंचने से पूर्व आउटर पर ही अचानक इंजन के बाद की बोगी पटरी से उतर गई। बोगी बेपटरी होते ही झटका लगा और ट्रेन एकदम रुक गई। ड्राइवर मुखराज मीणा और गार्ड आईडी पाल ने उतरकर देखा तो बोगी का पहिया उतरा हुआ था। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। इलाहाबाद की ओर जाने वाला यह डाउन ट्रेक बाधित हो गया। हालांकि इस ट्रेक पर करीब चार ट्रेन ही चलती हैं, जोकि ट्रेन डिरेल होने के कारण रोक दी गई हैं। शटल सवार यात्री स्टेशन पर ट्रेन फिर से सुचारु होने का इंतजार कर रहे हैं। गर्मी में बेहाल यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलकर्मी जल्द से जल्द शटल का पहिया दोबारा से सही कर उसे रवाना करने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप