ऑटो और ई-रिक्शा की मनमानी पर लगेगी लगाम, आगरा में जोन प्रणाली लागू करने की योजना
आगरा में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए जोन प्रणाली लागू करने की योजना पर विचार चल रहा है ताकि शहर ...और पढ़ें

ऑटो और ई-रिक्शा को लेकर अधिकारियों के साथ विचार करते डीएम मनीष बंसल।
जागरण संवाददाता, आगरा। शहर के लिए जाम का बड़ा कारण बनने वाले ऑटो और ई-रिक्शा के लिए जोन प्रणाली लागू करने की योजना पर विचार चल रहा है। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों को मेट्रो फीडर रूट के रूप में संचालित किया जाएगा।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए डीएम मनीष बंसल ने मंगलवार को परिवहन, रोडवेज और यातायात पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। एमजी रोड पर ऑटो, ई-रिक्शा प्रतिबंधित होने के बाद भी चल रहे हें। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों पर ऑटो, ई-रिक्शा के चलते जाम के हालात रहते हैं।
शहर को अलग-अलग जोन में विभाजित कर आटो और ई-रिक्शा का रूट निर्धारित किए जाने तथा सड़क हादसों को रोकने के लिए ई-रिक्शा और ऑटो में दाईं ओर से यात्रियों के चढ़ने-उतरने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाए जाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया।
साथ ही प्रमुख मार्गों पर उनके आवागमन को नियंत्रित करने के लिए मेट्रो स्टेशनों तक यात्रियों की पहुंच सुगम बनाने के लिए फीडर रूट विकसित करने पर बात हुई। बैठक में मुख्य रूप से अपर जिलाधिकारी यमुनाधर चौहान, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज बीपी अग्रवाल मौजूद रहे।
