आगरा में बोले पर्यटन मंत्री, कुछ लोगों को हजम नहीं हो रहा विकास; फैला रहे नकारात्मकता
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आगरा में कहा कि कुछ लोग देश और प्रदेश में हो रहे विकास को पचा ...और पढ़ें

सर्किट हाउस में बैठक करते पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह।
जागरण संवाददाता, आगरा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2014 में सत्ता में आने और प्रदेश में वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद देश और प्रदेश में आर्थिक विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट और कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
विश्व स्तर पर भारत के बढ़ते हुए कद और प्रभाव की बात करें तो हर क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि देश ने की है। कतिपय कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्हें यह हजम नहीं हो रहा है। वह लगातार अड़ंगेबाजी, रुकावट डालने और नकारात्मकता फैलाने का काम कर रहे हैं। हम प्रगति पथ पर देश को आगे ले जाने और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
देश की जनता का आशीर्वाद भाजपा सरकार की नीतियों, रीतियों और कार्यक्रमों को मिल रहा है। इससे लगता है कि जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित करना चाहती है।
जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने का नोटिस चस्पा करने के सवाल पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीयत साफ है। अवैध कुछ नहीं और वैध सब कुछ। अवैध काम, गुंडागर्दी की स्वीकार्यता उप्र में नहीं है। जयवीर सिंह आगरा मंडल में पर्यटन, संस्कृति और धर्मार्थ विभाग की कार्य योजनाओं की समीक्षा बैठक करने आए थे।
