Move to Jagran APP

Agra Top News: एक क्लिक में पढ़िए आगरा की टाप 5 खबरें

Agra Top News आगरा में आज सुबह अग्निपथ योजना को लेकर युवा सड़कों पर उतर आए। एमजी रोड से लेकर शहर की सड़कों पर प्रदर्शन किया। रामेश्वर सिंह की जमानत अर्जी खारिज कर दी गई है। वहीं करोड़ों रुपये की डकैती में एक महिला को पुलिस ने पकड़ा है।

By Abhishek SaxenaEdited By: Published: Thu, 16 Jun 2022 07:41 PM (IST)Updated: Thu, 16 Jun 2022 07:47 PM (IST)
Agra Top News: एक क्लिक में पढ़िए आगरा की टाप 5 खबरें
Agra Top News: एक ही क्लिक में पढ़ें आगरा की टाप खबरें

आगरा, जागरण टीम। आगरा की आज की प्रमुख घटनाएं एक क्लिक में पढ़ सकते हैं।

loksabha election banner

1. अग्निपथ योजना के विरोध में एमजी रोड पर लगाया जाम, हंगामा

आगरा में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के लागू होते ही गुरुवार को युवा इसके विरोध में सड़क पर आ गए।मंडल के सैकड़ों युवाओं ने पहले सेना भर्ती आफिस के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद हाथ में तिरंगा लिए युवा एमजी रोड के स्टेट बैंक तिराहे पर पहुंच गए।एक घंटे तक एमजी रोड जाम रहा।

इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के पहुंचने के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके युवाओं को हटाया। इसके बाद जाम खुल सका। इस दौरान छह युवाओं को मौके से हिरासत में ले लिया गया।

2. करोड़ों की डकैती में 25 हजार की इनामी महिला गिरफ्तार

आगरा में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में दिनदहाड़े डाका डालकर करोड़ों का सोना लूटने वाले गैंग की सहयोगी महिला 11 माह बाद पुलिस के हाथ लगी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। महिला के कब्जे से पुलिस ने 101 ग्राम सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।

डकैती में शामिल दो बदमाश मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं और 19 को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। कमला नगर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में 17 जुलाई 2021 को बदमाश दिनदहाड़े डकैती डालकर करोड़ों रुपए का सोना ले गए थे।घटना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने इसमें शामिल मनीष और निर्दोष को एत्मादपुर में मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। घटना में शामिल 19 बदमाशों और शरण दाताओं को पुलिस जेल भेज कर करोड़ों का सोना बरामद कर चुकी थी।

3. दो भागों में बटी मालगाड़ी, जोड़कर 35 मिनट बाद किया रवाना

आगरा: रुनकता के निकट गुरुवार तड़के मालगाड़ी के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। रुनकता की ओर से आगरा आ रही मालगाड़ी के छह वैगन खुलकर पीछे रह गए, जबकि बाकी गाड़ी इंजन के साथ आगे बढ़ गई। गेटमैन ने सक्रियता दिखाई और स्टेशन मैनेजर को सूचना दी। मालगाड़ी को रोक वैगन जोड़े गए, जिसमें 35 मिनट का समय लगा। इसके बाद मालगाड़ी को आगरा की ओर रवाना किया गया।

4. महिला डाक्टर के मुकदमे में डिजीटल साक्ष्यों काे जुटाने में पुलिस की कछुआ चाल

आगरा: शाहगंज की रहने वाली महिला डाक्टर के मुकदमे में डिजीटल साक्ष्यों को जुटाने में पुलिस की कछुआ चाल आरोपितों को उन्हें नष्ट करने का मौका दे रही है। महिला डाक्टर का आरोप है कि विपक्षी मध्यस्थों के माध्यम से उस पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। जिसके चलते वह और उसका परिवार दहशत में है। पीड़ित महिला डाक्टर ने साक्ष्यों को जुटाने में पुलिस की धीमी चाल को लेकर एसएसपी से शिकायत की है।

5. रामेश्वर सिंह की जमानत अर्जी खारिज

अलीगंज के पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव की गैंगस्टर मामले में सुनवाई के दौरान जमानत अर्जी खारिज हो गई। पूर्व विधायक जेल में निरुद्ध हैं। विशेष न्यायाधीध गैंस्टर एक्ट विनोद कुमार की अदालत में पूर्व विधायक की जमानत को लेकर सुनवाई हुई। बचाव पक्ष के वकील ने दलील दी कि पूर्व विधायक की उम्र 72 वर्ष है और वे जेल में हैं। उम्र को देखते हुए राहत दी जाए।

इस पर सरकारी वकीलों अरुण माहेश्वरी एडवोकेट और रक्षपाल सिंह शाक्य एडवोकेट ने बहस करते हुए कहा कि पूर्व विधायक के खिलाफ गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम तथा संगठित गैंग के सदस्यों से मिलकर अपराध करने का मुकदमा दर्ज है। अगर उन्हें रिहाई दी गई तो अन्य अपराध भी किए जा सकते हैं। इस पर अदालत ने जमानत अर्जी खारिज कर दी।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.