आगरा में बलिदानी शुभम के नाम पर बनेगा सैन्य प्रशिक्षण केंद्र, युवाओं को सेना अफसर बनने को करेगा प्रेरित
आगरा में बलिदानी कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में सैन्य प्रशिक्षण केंद्र बनेगा, जो सेना में अधिकारी बनने के इच्छुक ...और पढ़ें

कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में छात्रा को वस्त्र प्रदान करते पूरन डावर व अन्य।
जागरण संवाददाता, आगरा। बलिदानी कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति को स्थायी बनाने और उनके बलिदान से युवाओं को प्रेरित करने के लिए कुआंखेड़ा स्थित कैप्टन शुभम गुप्ता स्मृति उपवन में सैन्य प्रशिक्षण केंद्र विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सेना में अधिकारी बनने की आकांक्षा रखने वाले युवाओं को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देना है। निर्माण के लिए प्रदेश सरकार से 75 लाख रुपये स्वीकृत कराने की पहल हुई है।
कैप्टन शुभम फाउंडेशन के कार्यक्रम में स्मृति उपवन में पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया। कार्यक्रम में 100 से अधिक जरूरतमंद स्कूली छात्राओं को वस्त्र वितरित किए गए।
कैप्टन शुभम के पिता एड. बसंत गुप्ता, फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर, डा. केशव दत्त गुप्ता और सीए प्रमोद चौहान ने प्रशिक्षण केंद्र की योजना की जानकारी दी। बताया गया कि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने 50 लाख रुपये और महिला कल्याण, बाल विकास एवं पोषण मंत्री बेबीरानी मौर्य ने 25 लाख रुपये स्वीकृत कराने की पहल की है।
केंद्रीय पंचायती राज्य राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शुभम की वीरता और बलिदान को याद किया। सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वीके दत्ता, कर्नल पूरन सिंह, कर्नल अवधेश कुमार (नौ पैरा), कैप्टन महेश चाहर, सूबेदार महावीर सोलंकी और ग्रुप कैप्टन जयपाल सिंह चौहान ने पैराशूट रेजिमेंट की स्पेशल फोर्स के कठिन प्रशिक्षण और सैन्य जीवन की चुनौतियों के बारे में बताया।
22 नवंबर को सूरसदन में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन
मेयर हेमलता दिवाकर और विधायक डा. जीएस धर्मेश ने बताया कि नगर निगम सदन के प्रस्ताव के अनुसार रमाडा चौराहा का नाम बलिदानी कैप्टन शुभम गुप्ता चौक होगा। प्रतिमा तैयार है, जल्द उसका लोकार्पण प्रस्तावित है। 22 नवंबर को सूरसदन में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन होगा। प्रचार के लिए शहर में 500 होर्डिंग लगाने की तैयारी है। डा. रामबाबू हरित, रवि शिवहरे, वीरेंद्र सिंघल, मनीष जैन, विनोद गोयल, गुंजन अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल, दीपक जैन, सुनील तिवारी, संजीव चैबे और हिमांशु सचदेवा मौजूद रहे।
