विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शरद पूर्णिमा पर ताजमहल पर 'चमकी' देखने की चाहत, टिकट हो रहे धड़ाधड़ बुक

By Nirlosh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 22 Oct 2026 12:06 PM (GMT+05:30)

ताजमहल में शरद पूर्णिमा पर रात्रि दर्शन 24 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं, जिसमें 'चमकी' देखने का पर्यटकों में ...और पढ़ें

ताजमहल।

ताजमहल।

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजमहल में पूर्णिमा पर माह में पांच दिन होने वाले रात्रि दर्शन की शुरूआत 24 अक्टूबर से होगी। 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा होने से 'चमकी' देखने का पर्यटकों में जमकर क्रेज देखने को मिल रहा है। 24, 25 और 26 अक्टूबर के सभी 1200 टिकटों की आनलाइन बुकिंग हो चुकी है। 27 अक्टूबर के भी पहले स्लाट के सभी 50 टिकट बुक हो चुके हैं।

28 अक्टूबर के टिकटों की बुकिंग बुधवार शाम तक शुरू नहीं हुई थी। सुप्रीम कोर्ट के नवंबर, 2004 के आदेश के अनुसार ताजमहल माह में पांच दिन (पूर्णिमा, उससे दो दिन पूर्व और दो दिन बाद तक) रात में खुलता है। इस बार ताज रात्रि दर्शन 24 से 28 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन आधा-आधा घंटे के आठ स्लाट में रात आठ से 12 बजे तक रात्रि दर्शन होगा। एक स्लाट में अधिकतम 50 पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा।

रायल गेट से लगे वीडियो प्लेटफार्म से चांदनी रात में वह ताजमहल देख सकेंगे। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) की वेबसाइट से टिकटों की एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद शरद पूर्णिमा समेत पहले तीन दिन के सभी टिकट बुक हो गए हैं। पर्यटक ताजमहल के नजदीक स्थित होटलों का रुख कर रहे हैं, जिससे कि वहां से चमकी देख सकें।

टिकट दर

  • 15 वर्ष तक के भारतीय व विदेशी बच्चे: 500 रुपये
  • भारतीय पर्यटक: 510 रुपये
  • विदेशी पर्यटक: 750 रुपये

यहां से देख सकते हैं चमकी

ताजमहल के रात्रि दर्शन के टिकट बुक होने से मायूस होने की जरूरत नहीं है। मेहताब बाग स्थित एडीए के ताज व्यू प्वाइंट से रात्रि दर्शन कर सकते हैं। यहां से भारतीय पर्यटकों का टिकट 200 रुपये और विदेशी पर्यटकों का टिकट 500 रुपये का है।