आगरा का सुभाष बाजार हादसा, शोरूम ढहने के 22 घंटे बाद भी नहीं मिली महिला; पुलिसकर्मी बेटी के साथ आईं थीं शॉपिंग को
आगरा के सुभाष बाजार में दोमंजिला शोरूम ढहने के 22 घंटे बाद भी एक महिला लापता है। पुलिसकर्मी बेटी के ...और पढ़ें

मलबे में तलाश करते बचावकर्मी। इंसेट में महिला का फोटो।
जागरण संवाददाता, आगरा। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर के घने बसे पुराने सुभाष बाजार में दोमंजिला शोरूम के ढह जाने के 22 घंटे बाद भी महिला की तलाश जारी है। गुरुवार सुबह छह बजे से बचाव टीम महिला को ढूंढ़ने में जुट गई थी। मलबे में छह लोग दबे थे, जिनमें से पांच को निकाल लिया गया था। महिला, पुलिसकर्मी बेटी के साथ बाजार में शॉपिंग को आई थीं।
मंटोला के सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी दो मंजिला दुकान बुधवार दोपहर ढाई बजे बारिश के बीच ढह गई थी। दुकान का मलबा नाले में समा गया। मलबे में दुकानदार व महिला सिपाही सहित छह लोग दब गए। पुलिस ने दुकानदारों के सहयोग से मलबा हटाकर डेढ़ वर्षीय मासूम सहित पांच लोगों को मलबे से बाहर निकाला। महिला सिपाही की मां मलबे के साथ नाले के अंदर चली गईं।
एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने चार घंटे तक रेस्क्यू आपरेशन चलाया, लेकिन लापता महिला का सुराग नहीं लग सका। स्थानीय दुकानदारों ने हादसे के लिए नगर निगम को जिम्मेदार ठहराते हुए मौके पर पहुंचे नगरायुक्त का घेराव करते हुए नारेबाजी की। आरोप लगाया कि दुकान नगर निगम की है। एक महीने पहले नाले पर पड़े लिंटर में दरार आ गई थी।
दुकानदार लगातार नगरायुक्त सहित नगर निगम के चक्कर लगा रहा था। न तो नगर निगम ने खुद मरम्मत कराई और न ही दुकानदार को मरम्मत कराने की अनुमति दी, जिस कारण हादसा हुआ। जामा मस्जिद के पीछे सुभाष बाजार में मिनी मार्केट है। यहां कपड़े की सात दुकानें हैं।
महावीर नाले के ऊपर केदार नगर निवासी तोलाराम की राधा स्वामी क्लाथ स्टोर नाम से स्थित दो मंजिला दुकान नाले का लिंटर टूटने के कारण महज 10 सेकेंड में भरभराकर ढह गई थी। दुकान का मलबा नाले के अंदर समा गया। इसके साथ ही छह लोग मलबे के साथ दब गए। पांच लोग बचा लिए गए थे। महिला गंगादेवी की तलाश गुरुवार दोपहर तक जारी है। एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।
सैंया की रहने वालीं गंगा देवी अपनी पुलिसकर्मी बेटी अनीता के साथ यहां आई थीं। नगला तेजा निवासी केरन सिंह की 60 वर्षीय पत्नी गंगा देवी बेटी अनीता के साथ बुधवार सुबह खरीदारी के लिए आगरा गई थीं। दोपहर तीन बजे हादसे की खबर स्वजन को मिली तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते स्वजन आगरा के लिए रवाना हो गए।
गंगा देवी के बेटे सोनवीर सिंह ने बताया कि बहन अनीता की फतेहपुर सीकरी के गांव सुपेरा में ससुराल है। बहनाेई सोनपाल मुंबई में रेलवे में लोके पायलट के पद पर तैनात हैं। बहन अनीता की लखनऊ के विकास नगर थाने में सिपाही के पद पर तैनात हैं। छह माह के मातृत्व अवकाश पर अनीता घर आई थीं। छुट्टी खत्म होने पर 15 दिन बाद उन्हें ड्यूटी पर जाना था।
इसलिए बहन अनीता, बेटी अनन्या और मां गंगा देवी के साथ खरीदारी करने के लिए बुधवार को आगरा गई थीं। तभी हादसा हो गया। गंगा देवी के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा राजकुमार झांसी में सिपाही के पद पर तैनात हैं। दो बेटे पिता केरन सिंह के साथ टेंट का व्यापार संभालने के साथ ही खेतीबाड़ी करते हैं।
