आगरा में जीत के बाद बोले MLC, भाजपा का असली चेहरा और चरित्र हुआ उजागर
एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल ने आगरा में जीत के बाद भाजपा पर तीखा हमला बोला, आरोप लगाया कि भाजपा सनातन ...और पढ़ें

सपा कार्यालय पर गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल।
जागरण संवाददाता, आगरा। शिक्षक एमएलसी डाॅ. आकाश अग्रवाल ने गुरुवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सनातन धर्म का चोला पहनकर राजनीति करती है। उसका असली चेहरा और चरित्र जनता के समक्ष उजागर हो चुका है। वह सच्चे सनातनी हैं। उनकी आस्था सनातन धर्म में है और हमेशा रहेगी।
एमएलसी आकाश अग्रवाल ने 23 अक्टूबर को मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाते हुए धर्म परिवर्तन का एलान किया था। शिक्षक एमएलसी चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद ताजनगरी फेज-टू स्थित सपा कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए डाॅ. आकाश अग्रवाल ने कहा कि आगरा में वैश्य समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। वैश्य समाज के लोगों का भाजपा में उत्पीड़न और अपमान हो रहा है।
उनकी आवाज दबाई जा रही है। वह उनके सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ने के साथ शिक्षकों की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाएंगे। डाॅ. आकाश अग्रवाल ने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जताए गए विश्वास, जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास और कार्यकर्ताओं का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने हर बूथ पर प्रहरी बनकर संघर्ष किया।
भाजपा के दबाव, पुलिस-प्रशासन की चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ता पूरी मजबूती से डटे रहे। जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष किया। आज उसी संघर्ष और मेहनत का परिणाम है कि आगरा को सपा से एक नया विधान परिषद सदस्य मिला है।
डाॅ. वीरेंद्र सिंह चौहान, प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी, महासचिव संतोष पाल बघेल, राजपाल यादव, जितेंद्र चक, पवन प्रजापति, पप्पू यादव, महेश सिसौदिया, रविंद्र जादौन आदि मौजूद रहे।
