SN मेडिकल कॉलेज में पर्चे के लिए धक्कामुक्की, बुखार और तेज दर्द से कराहते रहे मरीज
रक्षाबंधन के बाद आगरा के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी, ओपीडी पर्चे और दवाओं के लिए धक्कामुक्की ...और पढ़ें

एसएन मेडिकल कॉलेज में सोमवार को परचा बनवाने के लिए लगीं कतारें।
जागरण संवाददाता, आगरा। सरकारी अस्पतालों में सोमवार को मरीजों की लंबी लाइन लगी रही, ओपीडी के पर्चे के लिए धक्कामुक्की हुई। बुखार और तेज दर्द से मरीज कराहते रहे। सांस संबंधी बीमारी और चर्म रोग के मरीजों की भी संख्या बढ़ गई है।
रक्षाबंधन की छुट्टी के बाद सुबह से ही एसएन मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल, लेडी लायल जिला महिला चिकित्सालय की ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइन लग गई। एसएन की ओपीडी में 3991 मरीजों को परामर्श दिया गया। सुबह 10 बजे के बाद ओपीडी के पर्चे के लिए धक्कामुक्की होने लगी।
ओपीडी के पर्चे के साथ ही दवा और जांच के काउंटर पर भी अव्यवस्था रही। मेडिसिन विभाग में सबसे ज्यादा 820 मरीज परामर्श लेने पहुंचे। मेडिसिन विभाग के डा. मृदुल चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल संक्रमण में तेज बुखार और शरीर में दर्द की समस्या हो रही है। ठीक होने में पांच से सात दिन लग रहे हैं।
तरल पदार्थ का सेवन अधिक करें, डाक्टर के परामर्श के बिना दवा ना लें। रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डा. संतोष कुमार ने बताया कि ओपीडी में 327 मरीजों को परामर्श दिया गया। अस्थमा और टीबी के मरीज सांस लेने में परेशानी के साथ आ रहे हैं, इन मरीजों की डोज बढ़ानी पड़ रही है।
बाल रोग विभाग की ओपीडी में तेज बुखार और खांसी की समस्या के साथ मरीज आए। ओपीडी में 194 मरीजों को परामर्श दिया गया। शरीर पर चकत्ते, दाने की समस्या भी बढ़ गई है। चर्म रोग विभाग की ओपीडी में 396 मरीजों को परामर्श दिया गया।
दवाएं नहीं मिली, जांच के लिए एक महीने बाद की तिथि
एसएन मेडिकल कालेज में मरीजों को सभी दवाएं अस्पताल से नहीं मिलीं। एंटीबायोटिक्स सहित महंगी दवाएं मरीजों को बाजार से खरीदनी पड़ी। एमआरआइ, सीटी स्कैन के लिए एक महीने बाद की तिथि दी गई। अल्ट्रासाउंड और पैथोलाजी जांच कराने के लिए भी मरीज भटकते रहे।
