परिक्रमा में रास्ते लेंगे भक्तों की परीक्षा
आगरा: सावन के महिने में शिव मंदिर श्रद्धालुओं के जयघोष से गूंज रहे हैं।
जागरण संवाददाता, आगरा: सावन के महिने में शिव मंदिर श्रद्धालुओं के जयघोष से गूंज रहे हैं। रविवार को शहर के चारों कोनों पर स्थित प्राचीन शिवालयों की परिक्रमा की जाएगी। परिक्रमा में मात्र दो दिन ही बचे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने परिक्रमा मार्ग की सुध नहीं ली है। परिक्रमा के दौरान खराब रास्ते भोले के भक्तों की परीक्षा लेंगे। कहीं गड्ढे हैं तो कहीं कंकड़ और कहीं गंदगी के ढेर। कंकड़ शिव भक्तों के पैरों में चुभेंगे तो कूड़े से उठती दुर्गध उन्हें परेशान करेगी।
दैनिक जागरण टीम ने गुरुवार को परिक्रमा मार्ग में राजेश्वर महादेव मंदिर से लेकर पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर (करीब नौ किमी की दूरी) तक का हाल जाना। राजपुर चुंगी रोड पर गड्ढों से आगे बढ़े तो माल रोड पर सड़क बेहतर थी। यहां श्रद्धालुओं को परिक्रमा लगाने में कोई मुश्किल नहीं होगी। तारघर चौराहा से वह बालूगंज रोड पर बढ़ेंगे तो पेट्रोल पंप के नजदीक चौराहे पर सड़क में हो रहे गड्ढे उनका इम्तिहान लेंगे। इसके आगे जिला पंचायत कार्यालय से लेकर आइजी कैंप कार्यालय तक सड़क की दशा खराब है। कहीं गिट्टियां हैं तो कहीं सड़क ऊंची-नीची है। रकाबगंज में रास्ता ठीक है, लेकिन छीपीटोला में एक बार फिर गड्ढों से श्रद्धालुओं का सामना होगा। आगे एमजी रोड होते हुए सड़क बढि़या है। कलेक्ट्रेट तिराहा से तहसील मार्ग, शाहगंज होते हुए रोड सही है। मगर तहसील और जैन दादाबाड़ी के नजदीक कूड़ाघर बने हैं। कूड़े का उठाव न होने से दुर्गध परेशान करती है। पाइप लाइन हो रही लीकेज
भोगीपुरा तिराहा पर पुलिस चौकी के नजदीक पाइप लाइन लीक हो रही है। पानी सड़क पर बह रहा है। मरम्मत नहीं की गई तो यहां सड़क खराब हो सकती है। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी होगी। केदारनगर मार्ग का बुरा हाल
पृथ्वीनाथ मंदिर से थोड़ा आगे रेलवे फाटक से केदारनगर की तरफ रास्ता जाता है। यहां सड़क कई जगह धंस गई है। यहां बीच में कुछ जगह गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। पिछले दिनों शहर में हुई रिकॉर्ड बारिश का असर यहां देखा जा सकता है, पूरे फुटपाथ पर कीचड़ और गंदगी जमा है। केदारनगर चौराहा से रामनगर की पुलिया वाले मार्ग पर रोड के दोनों ओर कीचड़ है। इसे हटवाया नहीं गया है। बारिश होते ही यह पुन: नाले में समा जाएगी। मंदिर के पीछे पड़ा है कबाड़
पृथ्वीनाथ मंदिर के पीछे स्थित जगह पर झूले लगाए जा रहे हैं। यहां खाली जगह में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों का कबाड़ डाला हुआ है। मंदिर प्रशासन पुलिस से इसे हटाने का आग्रह किया गया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। यह परेशानी का सबब बन सकता है। टॉक
क्षेत्र में गंदगी की समस्या है। इससे उठने वाली दुर्गध परेशान करती है। नगर निगम को क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। इससे श्रद्धालु परेशान न हों।
-सुरेश अग्रवाल कुछ माह पहले सड़क बनने से लोगों को राहत मिली है। जलनिकासी को उचित इंतजाम नहीं है। इससे बारिश होते ही गंदा पानी सड़क पर भर जाता है।
-हेमंत अग्रवाल सड़क बनाते समय नालियों और जलनिकासी पर ध्यान नहीं दिया गया। बारिश होते ही यहां जलभराव हो जाता है। इस पर नगर निगम को ध्यान देने की जरूरत है।
-अंकुर
मेले में हजारों श्रद्धालु आते हैं। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सही नहीं होने से उन्हें परेशानी होगी। सफाई व्यवस्था को सुधारने की आवश्यकता है।
-दीपक कुमार