आगरा में एक करोड़ की चोरी, नगला परमाल से दो घरों से उड़ाए सोने-चांदी के जेवर
आगरा के नगला परमाल गांव में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोर नकदी और सोने-चांदी के ...और पढ़ें

नगला परमाल में चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान।
HighLights
चोरों ने नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों सहित एक करोड़ की चोरी।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल, पुलिस जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, अकोला (आगरा)। आगरा के पास गांव में चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। थाना कागारौल क्षेत्र के गांव नगला परमाल में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बना लिया। चोर दोनों घरों से नकदी समेत करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण समेट ले गए।
गांव निवासी अशोक चाहर ने बताया कि वह प्राइवेट इंजीनियर हैं। रात वह पत्नी प्रवीना और बेटे सुभांशु के साथ एक कमरे में सो रहे थे। रात में अज्ञात चोर दूसरी मंजिल पर लगी कांच की खिड़की की स्लाइड खिसकाकर घर में घुस गए।
इसके बाद बगल के कमरे में रखी अलमारियों को खोलकर चोर 90 हजार रुपये की नकदी और करीब 70 लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। अशोक के चाचा हवलदार लक्ष्मण सिंह ने उन्हें फोन कर पड़ोस में चोरी होने की जानकारी दी। इस पर अशोक जाग गए और पड़ोस में चोरी देखने के लिए जाने लगे।
इसी दौरान उन्होंने अपने घर के सभी दरवाजे खुले देखे। कमरे में पहुंचने पर सामान अस्त व्यस्त पड़ा मिला। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। बताया गया कि चोर पीछे के दरवाजे से खेतों की ओर भाग गए।
दूसरे घर में सीढ़ियों की कुंडी तोड़कर घुसे चोर
दूसरी घटना गांव निवासी मुकेश चाहर के घर हुई। मुकेश रोडवेज में बाबू के पद पर ईदगाह में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब 4 बजे वह ड्यूटी पर चले गए थे। रात में उनकी पत्नी पूनम, बेटी अर्पिता और बेटे बंटी व आकाश के साथ छत पर कमरे में सो रही थीं।
रात करीब 2 बजे पूनम लघुशंका के लिए उठीं तो उन्होंने देखा कि सीढ़ियों की कुंडी खुली हुई थी और ताला टूटा पड़ा था। नीचे जाकर देखा तो घर के सभी दरवाजे खुले थे और सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। अज्ञात चोर झीने के रास्ते घर में दाखिल हुए थे।
चोर कमरे में रखी संदूक का ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की नकदी और करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पूनम ने पति मुकेश को फोन पर दी। सूचना मिलते ही करीब 20 मिनट में मुकेश ईदगाह से घर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। गांव में एक ही रात दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत है।
