आगरा में दर्दनाक हादसा, खंदौली में दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकाें की मौत
खंदौली के बास मोहन सहाय में देर रात मैक्स पिकअप की टक्कर से बाइक सवार राहुल और यतेंद्र की मौत ...और पढ़ें

मृतक राहुल और यतेंद्र के फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र के बांस मोहन सहाय के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक उस्मानपुर से चारा लेकर अपने घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं, हादसे के बाद मैक्स चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। पूरा गोवर्धन निवासी राहुल पुत्र वेदप्रकाश (20) और यतेंद्र पुत्र बलबीर सिंह (22) गुरुवार शाम करीब छह बजे घर से चारा लेने के लिए उस्मानपुर गए थे। देर रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से चारा लेकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे बांस मोहन सहाय के पास पहुंचे, सामने से तेज गति में आ रही मैक्स गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मैक्स चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे युवक
परिजनों के मुताबिक, राहुल और यतेंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों की अचानक मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल मैक्स गाड़ी की तलाश की जा रही हैं ।
