18 दिन से पानी को तरस रहे पुरानी ईदगाह के लोग
जागरण संवाददाता, आगरा : जल संस्थान की लापरवाही पुरानी ईदगाह के लोगों पर भारी पड़ रही
जागरण संवाददाता, आगरा : जल संस्थान की लापरवाही पुरानी ईदगाह के लोगों पर भारी पड़ रही है। 18 दिन से लोग पानी को तरस रहे हैं। शिकायतों को अनसुना किया जा रहा है। उधर, मंगलवार को यमुना नदी का जलस्तर 482 फीट पर पहुंच गया। नदी में पानी लिफ्ट करने के लिए बनाई जा रही नहर का कार्य गुरुवार शाम तक पूरा होने की उम्मीद है।
पुरानी ईदगाह कालोनी में चार अगस्त को पानी आया था। इसके बाद से पानी की आपूर्ति बंद हो गई। लोगों ने पहले पाइप लाइन में फाल्ट समझा। इसकी शिकायत जोनल पंप कार्यालय और जल संस्थान में की, लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। एम सिंह ने बताया कि मोटर खराब हो गई थी। इसे अभी तक ठीक नहीं कराया गया है। लोग पानी खरीद कर पी रहे हैं और आसपास के हैंडपंपों पर सुबह व शाम को जबरदस्त भीड़ रहती है। वहीं मंगलवार शाम को आवास विकास सेक्टर चार, किशोरपुरा, सेवला जाट क्षेत्र में पानी नहीं आया। लोगों ने इसकी शिकायतें नगर निगम व जल संस्थान में कीं। दिन भर यमुना नदी की तलहटी में जल संस्थान की टीम ने खोदाई की, लेकिन रात तक नहर बनाने का काम 30 फीसद ही पूरा हुआ। जल संस्थान के महाप्रबंधक संजीव रामचंद्रन का कहना है कि शुक्रवार तक पुरानी ईदगाह कालोनी में पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि यमुना नदी में पर्याप्त पानी है।