आगरा के पास जगनेर में 32 भेड़ों की मौत का कारण स्पष्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
आगरा के जगनेर स्थित सिंगाइच गांव में 32 भेड़ों की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
कुछ भेड़ों की मौत जंगली जानवर के हमले से, शेष सदमे से।
घायल भेड़ों का उपचार जारी, पशुपालक को मिलेगा मुआवजा।
संवाद सूत्र, जागरण-जगनेर (आगरा)। सिंगाइच गांव में भेड़ों की सामूहिक मौत के मामले में अब स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सामने आया है कि कुल 32 भेड़ों में से आधा दर्जन की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई, जबकि शेष ने सदमे के कारण दम तोड़ दिया।
चिकित्सा अधिकारी जगनेर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि जांच में पांच–छह भेड़ों पर दांत व नाखूनों के निशान मिले हैं, जो किसी जंगली जानवर के हमले की पुष्टि करते हैं। बाकी भेड़ों में बाहरी घाव नहीं पाए गए, लेकिन अत्यधिक भय और अफरा-तफरी के कारण वे सदमे में चली गईं।
जिससे उनकी मौत हो गई। घटना में 13 भेड़ें घायल हुई थीं, जिनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी की स्थिति स्थिर है। पशु चिकित्सा टीम लगातार निगरानी कर रही है।
वन विभाग की ओर से डिप्टी रेंजर राजवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया। टीम ने आसपास के खेतों, झाड़ियों और बाड़ों का निरीक्षण किया, हालांकि किसी जंगली जानवर के स्पष्ट पदचिन्ह नहीं मिले।
इसके बावजूद एहतियात के तौर पर वन विभाग की टीम के साथ ग्रामीण भी सक्रिय हैं और संभावित रास्तों पर नजर रखी जा रही है।
एसडीएम ऋषि राव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अंतिम रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। नियमानुसार पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा व सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि रविवार रात सिंगाइच निवासी रामरतन पुत्र रणवीर के बाड़े में संदिग्ध जानवर के हमले के बाद यह हादसा हुआ था। एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत से गांव में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
