खंदौली से फिर बढ़ गई दूरी, दयालबाग में खोला जाने लगा पांटून पुल; दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी
दयालबाग-खंदौली के बीच बना पैंटून पुल मानसून के कारण बंद कर दिया गया है, जिससे वाहन चालकों को लंबी दूरी ...और पढ़ें

सोमवार को पोइया घाट पर पुल खोले जाने का काम शुरू हो गया।
जागरण संवाददाता, आगरा। दयालबाग-खंदौली के बीच तीन महीने पूर्व शुरू किया गया पैंटून पुल सोमवार को बंद कर दिया गया। वाहन चालकों को पैंटून पुल बंद होने की जानकारी नहीं होने के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। हालांकि कुछ दोपहिया वाहन चालकों ने नाव की मदद से नदी को पार किया। पुल से दोबारा आवागमन अब 15 अक्टूबर से शुरू होगा।
दयालबाग-खंदौली पर इस वर्ष मार्च में एक करोड़ रुपये की लागत से पैंटून पुल बनाया गया था। जिससे प्रतिदिन 10 से 15 हजार वाहन निकल रहे थे। शहर से हाथरस जाने वाले लोगों को पहले टेढ़ी बगिया से खंदौली होते हुए हाथरस जाना पड़ता था। वहीं, सिकंदरा स्थित फैक्ट्रियों में काम करने वाले लोगों को रामबाग होकर आना पड़ता था।
पैंटून पुल बनने से यह दूसरी 15 किलोमीटर से कम होकर तीन से चार किमी रह गई थी। मानसून शुरू होने से पहले सभी पैंटून पुल बंद कर दिए जाते हैं। सोमवार सुबह नौ बजे पैंटून पुल को बंद करके कर्मचारियों ने उसके पीपे समेत अन्य सामग्री को हटाने का काम शुरू किया।
इस दौरान वहां से रोज जाने वाले वाहन चालक पहुंचे तो उन्हें पुल बंद मिला। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र वार्ष्णेय ने बताया कि पैंटून पुल अक्टूबर में पुन: चालू किया जाएगा। तब तक दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा दूरी तय कर नदी के इस पार आना पड़ेगा।
