आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने मारी यूपी में बाजी, IGRS पर शिकायतों के समाधान में पाए पूरे नंबर
आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने अगस्त की आईजीआरएस रैंकिंग में उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है, जहां जनशिकायतों के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। कमिश्नरेट पुलिस ने जनशिकायतों के निस्तारण में अगस्त की आइजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश का पहला स्थान हासिल किया है।
प्रदेश सरकार की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के आधार पर जारी मासिक रैंकिंग में कमिश्नरेट को सभी 10 मानकों पर 100 प्रतिशत अंक मिले हैं। पूर्व में भी आगरा कमिश्नरेट शीर्ष पर रहा है।
अगस्त में कमिश्नरेट से संबंधित कुल 5,874 शिकायतों पर शासन स्तर से फीडबैक लिया गया। पुलिस मीडिया सेल की रिपोर्ट के अनुसार हर प्रकरण में तथ्यों के आधार पर जांच की गई, समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की गई और शिकायतकर्ता से लगातार संवाद रखा गया।
इसी वजह से निस्तारण की गुणवत्ता पर शासन मूल्यांकन में पूर्ण अंक प्राप्त हुए। आइजीआरएस के जरिये नागरिक आनलाइन शिकायत दर्ज कराते हैं। शासन स्तर पर इसकी नियमित निगरानी होती है।
रैंकिंग तय करने में शिकायत कितनी जल्दी निपटी, समाधान संतोषजनक रहा या नहीं और शिकायतकर्ता संतुष्ट हुआ या नहीं ये बिंदु सबसे अधिक वजन रखते हैं। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कमिश्नरेट में रोज 20 लोगों से बात कर फीडबैक लिया जाता है, जिससे पता चलता है कि समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है या नहीं।
हर रोज सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच मानिटरिंग होती है और अंक दिए जाते हैं। जिनके अंक 40 से कम होते हैं, उन्हें शुक्रवार को परेड में आना अनिवार्य होता है।
यह परिणाम केवल प्रशासनिक प्रक्रिया का नहीं, बल्कि जनसुनवाई को नागरिक विश्वास से जोड़कर देखने का है। भविष्य में भी पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित न्याय के सिद्धांत पर टीम काम करेगी।
