International Surrogacy Gang: कोख के सौदागर गैंग के सरगना की तलाश में बेंगलुरू में आगरा पुलिस की ताबड़़तोड़ दबिश
International Surrogacy Gang कोख के सौदागर गैंग से जुड़ी तीन महिला समेत आठ को पहले ही जेल भेज चुकी है आगरा पुलिस। अब अस्मिता और डा. विष्णुकांत की तलाश।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोख के सौदागरों के सरगना की तलाश में पुलिस टीम शुक्रवार को बेंगलुरू पहुंच गयी। सरगना डॉ. विष्णुकांत और उसकी पत्नी अस्मिता के पुलिस को वहां होने का सुराग मिला था। पुलिस ने वहां पहुंचते ही कई जगहों पर दबिश दीं।
फतेहाबाद क्षेत्र में लखनऊ एकसप्रेस पर 19 जून को पुलिस ने कोख के सौदागर गैंग से जुड़ी फरीदाबाद की नीलम, रूबी समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिनसे दो नवजात बालिकाएं बरामद की थीं। आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दिल्ली निवासी राहुल सारस्वत को गिरफ्तार किया। उसे पुलिस रिमांड पर लेकर सिलीगुड़ी गई। वहां जलपाईगुड़ी से पुलिस ने कल्पना और उसके पति सूरज नरायण को गिरफ्तार किया था।
कोख के सौदागर गिरोह की सरगना अस्मिता के नेपाल में होने की जानकारी मिली थी। उसके पति डॉ. विष्णुकांत के बेंगलुरू में होने के सुराग पुलिस को मिलने के बाद टीम शुक्रवार को फ्लाइट से वहां पहुंची। पुलिस को आशंका है कि अस्मिता और डॉ. विष्णुकांत एक साथ हो सकते हैं। पुलिस ने शाम से बेंगलुरू में दबिश का सिलसिला शुरू कर दिया। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।