विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Instagram से हो गए प्रेरित, घर छोड़ चल दिए मुंबई; आगरा पुलिस ने ढूंढ़ निकाले तीनों दोस्त

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 19 Oct 2026 10:19 PM (IST)

इंस्टाग्राम पर सफलता की कहानियों से प्रेरित होकर आगरा के तीन दोस्त बड़ा आदमी बनने के लिए मुंबई निकल पड़े। ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड तस्वीर।

AI जेनरेटेड तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। इंस्टाग्राम पर लोगों की सफलता की कहानियां और वीडियो देखकर तीन मित्र घर छोड़कर मुंबई के लिए निकल पड़े। बड़ा आदमी बनने का सपना लेकर निकले इन मित्रों को लोहामंडी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से 24 घंटे में खोज निकाला। सकुशल बरामदगी के बाद काउंसलिंग कर उन्हें स्वजन को सौंप दिया गया।

तीनों लोहामंडी क्षेत्र के रहने वाले हैं। दो नाबालिग और बारहवीं के छात्र हैं। एक मूल रूप से दिल्ली का है और मामा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा है। तीसरा मित्र 20 वर्ष का है। उसने आठवीं के बाद स्कूल छोड़ दिया था। तीनों के स्वजन जूते का काम करते हैं। पुलिस को मित्रों ने बताया कि वे इंस्टाग्राम पर ऐसे लोगों की सफलता की कहानियां देखते थे, जो घर छोड़ने के बाद करोड़पति बन गए और अपने मन मुताबिक जीवन जी रहे थे।

इससे उन्हें भी घर से निकलकर बड़ा आदमी बनने का विचार आया। उन्होंने पहले नौकरी कर रकम जुटाने और फिर अपना कारोबार शुरू करने की योजना बनाई। दोनों छात्र 17 अक्टूबर की दोपहर ट्यूशन जाने की कहकर बैग में कपड़े रखकर घर से निकले। एक मित्र ने अपना मोबाइल 12 हजार रुपये में बेच दिया। तीनों एक जगह जुटकर ईदगाह बस अड्डे पहुंचे। मुंबई की बस नहीं मिली तो जयपुर जाने वाली बस में बैठ गए।

जयपुर रेलवे स्टेशन पर मुंबई की ट्रेन न मिलने पर वे आगरा लौटने वाली बस में सवार हो गए। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि मित्र घर पर पत्र छोड़ गए थे। उसमें लिखा था कि पढ़ाई के बाद वे सिर्फ नौकरी कर सकते हैं और अब बड़ा आदमी बनकर लौटेंगे। पत्र मिलने पर परेशान स्वजन ने पुलिस को सूचना दी।

तीनों के मोबाइल बंद थे। भरतपुर में एक मित्र ने मोबाइल चालू किया तो पुलिस को उनकी लोकेशन मिली। पुलिस ने उन्हें ईदगाह रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया।