आगरा, जागरण संवाददाता। लारेंस विश्वोई गिरोह के आगरा में नेटवर्क को पुलिस खंगाल रही है। बाह के डिफेंस कालोनी निवासी प्रदीप शुक्ला उर्फ बाबा लारेंस गिरोह का शूटर बन गया था। पुलिस को छानबीन में पता चला है कि प्रदीप ने जयपुर में होटल कारोबारी पर फायरिंग से पहले ग्वालियर में भी वारदात की थी। वहां फाेन पर धमकी देकर चौथ मांगी गई थी। जिसके बाद दहशत फैलाने के लिए गोली भी चलाई थी। प्रदीप ने बीहड़ के कितने युवकों को गिरोह से जोड़ा, इसकी छानबीन कर रही है। इंस्टाग्राम पर पांच हजार से अधिक फालोअर्स का रिकार्ड भी वह खंगाल रही है।

लारेंस विश्वोई गिरोह के तीन शूटर हुए थे गिरफ्तार

जयपुर और आगरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 30 दिसंबर की रात को जैतपुर थाना क्षेत्र से लारेंस विश्वोई गिरोह के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया गया था। गिरोह ने जयपुर के होटल कारोबारी से पांच करोड़ रुपये चौथ मांगी थी। रकम न देने पर कारोबारी के जी क्लब के बाहर ताबड़तोड़ 17 राउंड गोलियां चलाई थीं।

ये भी पढ़ें...

Agra News: दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाने का आरोप, बेटे की बरात जाने से पहले अधिवक्ता प्रकाश नारायण गिरफ्तार

जयपुर के बाद आगरा आए थे शूटर

वारदात के बाद शूटर आगरा आ गए थे। यहां बाह की डिफेंस कालोनी निवासी प्रदीप शुक्ला के यहां रुके थे। जयपुर पुलिस प्रदीप शुक्ला समेत तीनों शूटराें को अपने साथ ले गई थी। जयपुर में शूटरों ने हिरासत से भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

ये भी पढ़ें...

Meerut News: बेटे की बीमारी में खर्च हुए 12 लाख का कर्ज उतारने को लुटेरा बना मिस्त्री, पहली लूट में ही पकड़ा

इंस्टाग्राम से जुड़ा था शूटर प्रदीप

प्रदीप शुक्ला करीब एक वर्ष से लारेंस विश्वोई गिरोह से इंस्टाग्राम के माध्यम से जुड़ा था। पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन सोमेंद्र मीणा ने बताया कि प्रदीप शुक्ला के बारे में विस्तृत छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि लारेंस गिरोह ने एक कारोबारी से चौथ मांगी थी। अक्टूबर 2022 में प्रदीप वहां पर गोली चलाकर आया था। थाना हजीरा थाने में अभियोग दर्ज हुआ था।

इंस्टाग्राम पर तीन अकाउंट, साइबर सेल कर रही जांच

इंस्टाग्राम पर लारेंस विश्नोई के नाम से तीन अकाउंट की जानकारी पुलिस को मिली है। एक एकाउंट में उसके 824 फालोअर्स हैं। जिसमें 11 पोस्ट हैं, जबकि एक को वह फालो करता है। दूसरे अकाउंट में 3063 फालोअर्स एवं 51 पोस्ट हैं। इस अकाउंट में 1149 लोगो को फालो किया गया है। जबकि तीसरे अकाउंट में 1668 फालोअर्स एवं 18 पोस्ट हैं। यह अकाउंट 561 लोगाें को फालो करता है। साइबर सेल और सर्विलांस काे इन अकाउंट की छानबीन के लिए लगाया गया है। इन अकाउंट में आगरा के कितने फालोअर्स हैं, इन्हें किसके द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसकी छानबीन की जा रही है।

प्रदीप शुक्ला का इंस्टाग्राम अकाउंट खंगाल रही साइबर सेल

साइबर सेल और सर्विलांस टीम लारेंस गिरोह के शूटर प्रदीप शुक्ला उर्फ बाबा शुक्ला का इंस्टाग्राम अकाउंट खंगाल रही है। इंटरनेट मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर भी उसकी सक्रियता की जांच कर रही है। वह किस तरह की पोस्ट डालता था। उसने कौन-कौन सी फोटो अपलोड कीं। इसे देख रही है।पांच महीने के दौरान उसकी किन लोगों से चैटिंग हुई, उसके खास मित्र कौन हैं। इसकी जांच कर रही है। पुलिस को चिंता है कि गिरोह का एक भी सदस्य बच गया तो वह भविष्य में सिरदर्द बन सकता है।  

Edited By: Abhishek Saxena